सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
सड़क हादसों में दो लोगों की मौत
रायपुर। जीई रोड में एनआईटी के सामने एक स्कूटी सवार की मौत अज्ञात वाहन की ठोकर से हो गई। अज्ञात वाहन की जोरदार ठोकर से आई गंभीर चोटों की वजह से मौके पर उसकी मौत हो गई। हादसा मंगलवार शाम को हुआ। धरसींवा थाने के अंतर्गत हुए हादसे में एक बाइक में जा रहे 4 लोगों में से एक की मौत हो गई। जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मंगल बाजार के पास सरस्वती नगर में रहने वाले विष्णु यदु की मौत सड़क हादसे में मंगलवार को हो गई। वह करीब साढ़े 4 बजे एनआईटी के पास अपनी स्कूटी से जाते समय हादसे का शिकार हो गया। उसकी स्कूटी को अज्ञात वाहन ने जोरदार ठोकर मार दिया। सिर पर आई गंभीर चोट की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। सरस्वती नगर थाने की ओर से मामला दर्ज कर मर्ग कायम कर लिया गया है।
धरसींवा थाने के अंतर्गत हुए हादसे में एक बाइक में जा रहे 4 लोगों में से एक की मौत हो गई। सांकरा गांव में रहने वाले दशरथ धृतलहरे, हर्ष धृतलहरे अपनी पत्नी रोमा और बेटे आशु के साथ बाइक पर मड़ई मेले के लिए गए थे उसी दौरान अज्ञात वाहन की ठोकर से हादसे का शिकार हो गए। मेला देखकर वापस आते समय विधानसभा की ओर से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार ठोकर मार दिया। जिससे चारों बाइक से गिर गए। दशरथ बाइक चला रहा था। पीछे बैठे हर्ष और उसकी पत्नी को हादसे में गंभीर चोटें आईं। दोनों को 108 वाहन की मदद से तुरंत मेकाहारा अस्पताल ले जाया गया। जहां हर्ष की मौत इलाज के दौरान हो गई। रोमा धृतलहरे की हालत गंभीर है जिसका इलाज जारी है।

