आबकारी विभाग के पूर्व ओएसडी समुंद्र सिंह के घर छापा
रायपुर। पूर्ववर्ती सरकार में चर्चित अफसर रहे समुंद्र सिंह इसलिए कि रिटायमेंट के बाद करीब 9 साल तक संविदा में सेवाए देते रहे। उनकी नियुक्ति भी मुनाफा देने वाले आबकारी विभाग में थी।पूर्व ओएसडी के रायपुर और बिलासपुर स्थित निवास पर शुक्रवार को ईओडब्ल्यू और एसीबी की संयुक्त टीम ने छापा मारा है। टीम के सदस्य घर की जांच में जुटे है।
वैसे तो काफी दिनों से इस अफसर के विवादित होने की खबरे आती रही है। जानकारी के अनुसार रायपुर में एसीबी और ईओडब्ल्यू की टीम ने समुंद्र सिंह की तलाश में बोरियाकला के मकान नंबर 172 के अलावा बिलासपुर के नेहरू नगर स्थित पारिजात एक्सटेंशन मकान नंबर एमआईजी 21 में सुबह के वक्त छापामार कार्रवाई की है।
बताते हैं कि बोरियाकला का मकान नागपुर में पदस्थ विजलेंस अफसर भुवनेश्वर सिंह के नाम पर है जिसमें अक्सर समुंद्र सिंह आया-जाया करते थे। नई सरकार के गठन के बाद से अचानक गायब हो गए समुंद्र सिंह पर करोड़ों रुपये की हेरा-फेरी का आरोप है। घर के भीतर दस्तावेजों की जांच की गई है। फिलहाल समुंद्र सिंह घर में हैं या नही, इसकी जानकारी नहीं मिल पायी है।बिलासपुर स्थित घर के अलावा अन्य ठिकानों पर भी टीम के अधिकारियों ने दबिश दी है।