नई सरकार के नये कैलेण्डर की पुनिया ने की तारीफ
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने नई दिल्ली में राज्यसभा सांसद श्री पी.एल. पुनिया से सौजन्य मुलाकात की। उन्होंने श्री पुनिया को छत्तीसगढ़ शासन के नये वर्ष 2019 का कैलेण्डर भेंट किया। राजस्व विभाग के शासकीय मुद्रणालय द्वारा प्रकाशित इस कैलेण्डर में भारत के सात दशकों की विकास यात्रा के साथ-साथ स्वतंत्रता संग्राम के दिनों में छत्तीसगढ़ के विभिन्न ऐतिहासिक प्रसंगों को भी प्रदर्शित किया गया है।
पुनिया ने इस बात पर खुशी जताई कि राज्य गठन के लगभग 18 वर्ष बाद छत्तीसगढ़ की नई सरकार के नये वार्षिक कैलेण्डर में देश और राज्य की महान विभूतियों को और उनके यादगार प्रसंगों को स्थान मिला है। उन्होंने कैलेण्डर की विषय-वस्तु और उसमें प्रकाशित चित्रों की विशेष रूप से तारीफ की। श्री पुनिया से कैलेण्डर के प्रकाशन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री बघेल को बधाई और शुभकामनाएं दी। भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में योगदान देने वाले छत्तीसगढ़ के महान नेताओं की स्मृतियां भी इस कैलेण्डर में संकलित हैं। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार का यह कैलेण्डर देश के महान नेताओं की छत्तीसगढ़ यात्रा पर भी केन्द्रित है। इसमें सन् 1930, 1933, 1936 और 1939 की यादगार तस्वीरें हैं। प्रदेश की नई सरकार की नई सोच के अनुरूप इसमें मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के ध्येय वाक्य गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ का भी उल्लेख किया गया है। यह कैलेण्डर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किया गया है।
00 मुख्यमंत्री ने भेंट किया कैलेण्डर
