धान के समर्थन मूल्य की वृद्धि से किसानों में उत्साह
जांजगीर-चांपा। राज्य शासन की घोषणा अनुसार विपणन वर्ष 2018-19 में धान के समर्थन मूल्य की वृद्धि से किसानों का उत्साह बढ़ा हैं। इससे किसानों की आय में वृद्धि होगी। वे अपने किसानी कार्य बेहतर ढंग से कर सकेंगे। विगत वर्ष की तुलना मेें उन्हें धान के समर्थन मूल्य पर प्रति क्विंटल 450 रूपए अधिक प्राप्त होगा। उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार ने धान का समर्थन मूल्य 25 सौ रूपए निर्धारित किया है। जिसका लाभ जिले के किसानों को भी मिलेगा। किसानी कार्य के प्रति युवा आकर्षित होंगे।
तिलई उपार्जन केन्द्र में धान बेचने पहुंचे ग्राम तागा के किसान श्री गजानंद यादव ने बताया कि इस वर्ष फसल अच्छी हुई है। समर्थन मूल्य में वृद्धि होने से किसानों का उत्साह बढ़ा है। नई सरकार ने किसानी कर्जा भी माफ कर दिया है। उन्होंने बताया कि वह 48 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा है। विगत वर्ष की तुलना में उसे 22 हजार रूपए की अधिक आमदनी होगी व बैंक का कृषि ऋण भी चुकाना नहीं पड़ेगा। इस वर्ष वह अपने मकान की मरम्मत भी करवा सकेगा। इसी तरह ग्राम मुड़पार के किसान श्री मनहरण पटेल ने राज्य सरकार को किसानों का शुभचिंतक बताते हुए कहा कि उसने अपने तीन एकड़ खेत का 45 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर सोसाईटी में जमा किया है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष उसे 20 हजार रूपए की अधिक आमदनी होगी। कृषि ऋण से भी मुक्ति मिली है। ग्राम मुड़पाार के ही श्री सोनाउ मिठ्ठू ने भी तिलई के सेवा सहकारी समिति में 42 क्विंटल धान जमा किया है। उसे भी इस वर्ष उसे करीब 19 हजार रूपए की अधिक आमदनी होगी। इस आमदनी से वह अपनी परिवार की अन्य जरूरतो पर खर्च करेगा। उन्होंने राज्य सरकार को किसानों का हितैषी बताया व धान के समर्थन मूल्य की वृद्धि एवं अल्पकालीन ऋण माफी के लिए राज्य सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है।