शुक्र 31 जुलाई, 2026

Nobel Peace Prize 2025: कौन हैं मारिया कोरिया? नोबेल शांति पुरस्कार की रेस में राष्ट्रपति ट्रंप को भी छोड़ दिया पीछे..

0
NobelPeacePrize2025

नई दिल्ली। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को नॉर्वेजियन नोबेल समिति की ओर से बड़ा झटका लगा है। उनकी चाहत थी कि उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार मिले। मगर समिति ने ऐलान किया है कि वेनेजुएला की मारिया कोरिना मचाडो को 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार मिलेगा। नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने यह सम्मान उन्हें अपने देश में नागरिकों के लोकतांत्रिक अधिकारों की लड़ाई को मजबूती से आगे बढ़ाने के लिए देने का ऐलान किया है। द नोबेल प्राइज के एक्स अकाउंट पर घोषणा करते हुए लिखा गया, “नॉर्वेजियन नोबेल समिति ने वेनेजुएला के लोगों के लिए लोकतांत्रिक अधिकारों को बढ़ावा देने के लिए उनके अथक कार्य और तानाशाही से लोकतंत्र में न्यायपूर्ण और शांतिपूर्ण बदलाव के संघर्ष के लिए मारिया कोरिना मचाडो को 2025 का नोबेल शांति पुरस्कार देने का फैसला लिया है।”

नोबेल कमेटी ने आगे कहा कि मारिया कोरिना के जीवन को गंभीर खतरा होने के बाद भी वह अपना काम करती रहीं। उनका यह चुनाव लाखों लोगों को प्रेरित करने वाला है। बता दें, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप लगातार नोबेल पीस प्राइज की मांग कर रहे थे। कई देशों की ओर से अमेरिकी राष्ट्रपति को नोबेल पीस प्राइज से सम्मानित करने की मांग को समर्थन भी मिला। लेकिन फिर भी अमेरिकी राष्ट्रपति का सपना अधूरा रह गया।

इस साल का नोबेल शांति पुरस्कार काफी चर्चा में था। इसकी खास वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रहे। दरअसल, ट्रंप के इस पुरस्कार के लिए अग्रणी दावेदार के रूप में उभरने और इसके लिए आक्रामक रूप से प्रयास करने के कारण यह काफी सुर्खियों में थी।

इजरायल, रूस, अजरबैजान, पाकिस्तान, थाईलैंड, आर्मेनिया और कंबोडिया जैसे कई देशों ने अमेरिकी राष्ट्रपति को नामांकित किया था।

गौरतलब है कि इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए इस वर्ष 338 नामांकन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 94 संगठन और विभिन्न क्षेत्रों के 244 लोग शामिल हैं। ट्रम्प ने दावा किया कि वह “इतिहास में” “नौ महीनों की अवधि में आठ युद्धों को सुलझाने” वाले पहले व्यक्ति हैं। 1901 से, नोबेल शांति पुरस्कार 105 बार 139 विजेताओं को प्रदान किया जा चुका है: 92 पुरुष, 19 महिलाएं और 28 संगठन शामिल हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

हो सकता है आप चूक गए हों