ऋषि कुमार शुक्ला को सीबीआई का नया निदेशक नियुक्त किया गया

0

ऋषि कुमार शुक्ला को सीबीआई का नया निदेशक नियुक्त किया गया

नई दिल्ली। लंबे उहापोह के बाद आखिरकार सरकार ने केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक के पद पर नियुक्ति का निर्णय लेते हुए भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी और मध्य प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला (Rishi Kumar Shukla) को यह जिम्मेदारी सौंपी है।

केन्द्रीय मंत्रिमंडल की नियुक्ति मामलों की समिति (Appointment Committee of the Cabinet) ने दिल्ली पुलिस स्थापना अधिनियम 1946 के तहत गठित समिति द्वारा भेजे गये नामों के पैनल के आधार पर शुक्ला की नियुक्ति को मंजूरी दी है। शुक्ला सीबीआई के पूर्व निदेशक आलोक वर्मा का स्थान लेंगे। शुक्ला की नियुक्ति दो वर्ष के लिए की गयी है जो उनके पदभार संभालने के दिन से प्रभावी होगी।

उल्लेखनीय है कि सीबीआई के शीर्ष दो अधिकारियों की आपसी खींचतान में आलोक वर्मा को निदेशक पद से हटाए जाने के बाद 10 जनवरी से यह पद खाली पड़ा है। इससे पहले 24 जनवरी को समिति की बैठक हुई थी, जिसमें कोई नतीजा नहीं निकल पाया था।

सीबीआई के पूर्व निदेशक आलोक वर्मा और सीबीआई के ही पूर्व स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना की लड़ाई के बाद सीबीआई चर्चा में आई थी। सीबीआई के नंबर वन और टू अधिकारी ने एक दूसरे पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे। जिसके बाद आलोक वर्मा को सीबीआई डायरेक्टर के पद से हटाकर दमकल सेवा महानिदेशक, नागरिक रक्षा और होम गार्ड्स का महानिदेशक बनाया गया था, जिसके बाद उन्होंने खुद इस्तीफा दे दिया था।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा.आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.