दिल्ली-NCR में बारिश के साथ ओले, 2 लोगों की मौत, दिन में छाया अंधेरा
दिल्ली-NCR में बारिश के साथ ओले, 2 लोगों की मौत, दिन में छाया अंधेरा
नई दिल्ली। दिल्ली और एनसीआर में बदलते मौसम के मिजाज ने ठंढ़ बढ़ा दी है। मंगलवार को तेज बारिश के साथ दिल्लीवासियों की सुबह हुई। पिछले दिनों से तापमान में हुई बढ़ोतरी को बारिश ने दूर कर दिया। सुबह 9 बजे आसमान काले बादलों से घिर गया और अंधेरा छा गया। सोमवार से हो रही बारिश के कारण दिल्ली एनसीआर के कई इलाकों में जलभराव हो गया।
कई इलाकों में ओले भी गिरे। बारिश के बाद दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से थोड़ी राहत मिली है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नजदीक आज सुबह पीएम-2.5 का स्तर 220 और पीएम-10 का स्तर 232 माइक्रोग्राम प्रति घनमीटर रिकॉर्ड किया गया।
वायु गुणवत्ता और मौसम पूवानुर्मान प्रणाली (सफर) के मुताबिक, कल राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 322 दर्ज किए जाने के साथ वायु गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पाई गई थी।
दिल्ली के नजफगढ़ में सोमवार को बारिश की वजह से एक गोदाम की दीवार गिरने से दो कर्मचारियों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। दिल्ली दमकल सेवा (डीएफएस) ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बुलंदशहर निवासी जसवीर (20) और करीम (25) के रूप में हुई है। घटना में 21 वर्षीय एक सोनू नामक व्यक्ति घायल हो गया।

