राजीव भवन में मंत्री अकबर ने सुनी कार्यकर्ताओं की समस्याएं
रायपुर। परिवहन एवं खाद्य मंत्री मोहम्मद अकबर सोमवार कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन पहुंचे. उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर चर्चा की। कांग्रेस भवन पहुंचे कार्यकर्ताओं ने अपने क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया तथा समाधान के लिए आवेदन दिए। श्री अकबर ने भी समस्याओं का शीघ्र ही समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश के बाद प्रदेश के मंत्री कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक दिन का समय देकर कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं. यही नहीं आमजन भी कांग्रेस मुख्यालय पहुंचकर अपनी समस्याओं से अवगत करा रहे हैं. अब तक मंत्री गुरू रूद्र कुमार, उमेश पटेल, कवासी लखमा, टीएस सिंहदेव भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं व आमजनों से मिल चुके हैं. और उनकी समस्याओं से अवगत होते हुए जल्द ही निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देश दे चुके हैं।