शनि 1 अगस्त, 2026

कश्मीर में फिर टारगेट किलिंग: नाम पूछकर दो हिंदू मजदूरों को बनाया निशाना, कुलगाम में आतंकी हमला

0
Pahalgam-attack-01-08-2026

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को आतंकियों ने प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाते हुए एक दिल दहला देने वाला हमला किया। शुरुआती जानकारी के अनुसार आतंकियों ने पहले मजदूरों से उनके नाम पूछे, फिर दो हिंदू मजदूरों को अलग कर उन पर नजदीक से गोलियां चला दीं। इस हमले में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान दीपक रात्रे (24) के रूप में हुई है, जबकि घायल भोपिंदर (28) का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दोनों मजदूर छत्तीसगढ़ के निवासी बताए गए हैं और कुलगाम के एक ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने मजदूरों की पहचान जानने के बाद दोनों हिंदू मजदूरों को अन्य लोगों से अलग किया और उन पर करीब से फायरिंग की। हमले के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस वारदात में दो आतंकी शामिल थे। सुरक्षा एजेंसियां हमले के पीछे सक्रिय आतंकी संगठन और स्थानीय मददगारों की भूमिका की भी जांच कर रही हैं।

इस घटना की तुलना पिछले वर्ष पहलगाम आतंकी हमले से की जा रही है, क्योंकि दोनों मामलों में कथित तौर पर पीड़ितों की पहचान के आधार पर उन्हें निशाना बनाया गया। हालांकि, जांच एजेंसियां अभी सभी तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि में जुटी हैं।

घटना के बाद जम्मू-कश्मीर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने वरिष्ठ अधिकारियों से रिपोर्ट तलब की है और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं।

छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं दोनों
दोनों मजदूर कुलगाम के ईंट-भट्ठे पर काम करते थे। इसमें से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि हमले में दो मजदूर घायल हुए। उन्होंने बताया कि इनमें से एक ने अस्पताल ले जाने से पहले दम तोड़ दिया। अधिकारियों के मुताबिक, मृतक की पहचान दीपक रात्रे (24) के रूप में हुई है, जबकि बोपिंदर (28) घायल है। दोनों छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

हो सकता है आप चूक गए हों