हिन्दू संगठनों की जानकारी भाजपा सरकार के समय भी पुलिस ने की-कांग्रेस

हिन्दू संगठनों की जानकारी भाजपा सरकार के समय भी पुलिस ने की-कांग्रेस

रायपुर। प्रदेश कांगे्रस महामंत्री एवं संचार विभाग अध्यक्ष शैलेष नितिन त्रिवेदी ने कहा है शांत छत्तीसगढ़ में नफरत के बीज बोने की भाजपा की चाल बेनकाब हो गयी है। भाजपा, पुलिस की ओर से हिन्दू संगठनों की सामान्य जानकारी एकत्रित करने को धार्मिक और साम्प्रदायिक मुद्दा बनाने की ओछी राजनीति कर रही है। जबकि विभिन्न प्रकार के संगठनों की इस प्रकार की जानकारी एकत्रित करना पुलिस की कार्यप्रणाली का एक आवश्यक और सामान्य हिस्सा है।

उन्होंने कहा है कि प्रदेश में जब भाजपा की सरकार थी तब भी रमन सरकार द्वारा 26 फरवरी 2015 को ऐसी ही जानकारियां एकत्रित की गई थी। राज्य में काम करने वाले अनेक प्रकार के सामाजिक, धार्मिक और अन्य संगठनों के बारे में एवं उनकी कार्य शैली के बारे में जानकारी रखना राज्य की कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आवश्यक होता है, ताकि जब कभी आवश्यकता हो तो प्रशासन इन संगठनों की बैठक बुला सके। जरूरत के अनुसार इस जानकारी का प्रशासनिक उपयोग किया जा सके। महत्वपूर्ण त्यौहारों के पहले कानून व्यवस्था के लिहाज से हर जिलों में इस प्रकार की बैठकें वर्षों से इसी जानकारी के आधार पर होती रही है।

श्री त्रिवेदी ने कहा है कि भाजपा छत्तीसगढ़ की ओर से किए गए ट्विट और भाजपा के बयान चुनावों को देखते धर्म से धर्म को लड़ाने, भाई से भाई को लड़ाने और साम्प्रदायिकता फैलाने के लिए की जा रही बड़ी साजिश का हिस्सा है। कांग्रेस के प्रति दुर्भावना फैलाने की भाजपा की इस साजिश के तहत पुलिस विभाग के रूटिन काम को लेकर कांग्रेस की दो माह पुरानी सरकार पर झूठे आरोप लगाये जा रहे हैं। जो जानकारी भाजपा सरकार के समय से ही पुलिस एकत्रित करते रही है वह कांग्रेस सरकार द्वारा मंगाए जाने पर आपत्तिजनक कैसे हो गई? भाजपा की सरकार हिन्दू संगठनों के बारे में जानकारी एकत्रित करें तो उसमें कोई आपत्ति नहीं है। यदि कांग्रेस सरकार के समय पुलिस उसी प्रकार की जानकारी एकत्रित कर रही है तो वह हिन्दु विरोधी कैसे हो गई ?

00 भाजपा के ट्वीट पर पलटवार

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.