मुख्यमंत्री ने मानस मर्मज्ञ राजेश रामायणी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने देश के सुप्रसिद्ध रामायण प्रवर्चनकर्ता श्री राजेश रामायणी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। श्री बघेल ने जारी शोक संदेश में कहा है कि श्री राजेश रामायणी के नाम से लोकप्रिय स्वामी राजेश्वरानंद सरस्वती ने गोस्वामी तुलसीदास जी के रामचरित मानस पर अपने विद्वतापूर्ण प्रवचनों के जरिये मर्यादा पुरूषोत्तम भगवान श्रीराम की आदर्श जीवन-गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरणादायक कार्य किया। श्री बघेल ने कहा – छत्तीसगढ़ से भी श्री रामायणी का गहरा आत्मीय जुड़ाव था। वे विगत लगभग 29 वर्षों से रामकृष्ण मिशन (विवेकानंद आश्रम) रायपुर में समय-समय पर अपने प्रवचन देने के लिए आया करते थे। मुख्यमंत्री श्री बघेल ने स्वर्गीय श्री रामायणी को श्रद्धांजलि अर्पित की है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है। उन्होंने स्वर्गीय श्री रामायणी के शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।