जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी के चलते श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग मार्ग बंद, 24 घंटे में आया दूसरी बार भूकंप
श्रीनगर। श्रीनगर में शुक्रवार को भूकंप आया और रिक्टर पैमाने पर इसकी तीव्रता 3.0 मापी गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भूकंप में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पिछले 24 घंटों में जम्मू कश्मीर में यह दूसरा भूकंप है । इन दोनों भूकंप में से आज का भूकंप सुबह 8.21 बजे आया। भूकंप का केन्द्र पुराने शहर में 10 किलोमीटर की गहराई में केन्द्रित था। उन्होंने बताया कि अब तक जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है। गुरुवार को राज्य के लद्दाख क्षेत्र में सुबह 8.22 बजे भूकंप आया था।
कश्मीर में मैदानी इलाकों सहित अधिकतर हिस्सों में शुक्रवार को ताजा बर्फबारी हुई जिसके कारण घाटी को देश के शेष हिस्सों से सभी मौसम में जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है। मौसम विभाग कार्यालय ने अगले 24 घंटों में रुक-रुक कर हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने यहां बताया कि घाटी के मैदानी क्षेत्रों सहित कश्मीर में गुरुवार रात में भी बर्फबारी हुई जो शुक्रवार सुबह तक जारी रही।
उन्होंने बताया कि जम्मू कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 5.6 एमएम बर्फबारी दर्ज की गयी। पहलगाम में 11.4 एमएम बर्फबारी जबकि गुलमर्ग में 3.4 एमएम बर्फबारी हुई। अधिकारी ने बताया कि घाटी के मैदानी इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई जबकि राज्य के ऊंचाई वाले स्थानों पर मध्यम बर्फबारी की खबरें हैं। ताजा बर्फबारी के कारण कश्मीर को देश के शेष हिस्सों से सभी मौसम में जोड़ने वाला एकमात्र सड़क मार्ग श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग बंद हो गया है।