दिल्ली भाजपा अध्यक्ष श्री तिवारी पर केजरीवाल के आपत्तिजनक बयान के विरोध में पूर्वांचल मोर्चा ने किया प्रचंड प्रदर्शन
नई दिल्ली। NRC को लेकर दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी पर हमला बोलने वाले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बीजेपी के पूर्वांचल मोर्चा ने गुरुवार को हल्ला बोला। मनोज तिवारी के खिलाफ अरविंद केजरीवाल के बयान से आक्रोशित बीजेपी के पूर्वांचल मोर्चा ने गुरुवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस ने बीजेपी पूर्वांचल मोर्चा के सदस्यों को हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि ये कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे।
दरअसल, आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को एनआरसी को लेकर मनोज तिवारी पर हमला बोला था और कहा कि अगर दिल्ली में एनआरसी लागू होता है तो सबसे पहले मनोज तिवारी को ही दिल्ली छोडऩा पड़ेगा।
इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली भाजपा प्रमुख मनोज तिवारी पर तंज कसते हुए बीते बुधवार (25 सितंबर) को कहा कि यदि यहां राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC) लागू हुई तो सबसे पहले उन्हें (तिवारी को) ही शहर छोड़ना पड़ेगा। मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में एक सवाल के जवाब में कहा, ”यदि दिल्ली में एनआरसी लागू हुई तो सबसे पहले मनोज तिवारी को दिल्ली छोड़ना पड़ जाएगा।”
असम में NRC लिस्ट जारी होने के बाद से देश के विभिन्न राज्यों में भी इसे लागू करने की मांग हो रही है। भारतीय जनता पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी भी दिल्ली में एनआरसी को लागू करवाने की बात कह चुके हैं।
वहीं, भोजपुरी गायक से नेता बने तिवारी ने कहा कि इस टिप्पणी ने केजरीवाल के असली चेहरे को सामने ला दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी प्रमुख ”पूर्वांचली जैसे प्रवासियों को बाहर करना चाहते हैं। पूर्वांचली कहे जाने वाले लोग मुख्य रूप से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के हैं। दिल्ली के चुनाव में उनकी एक अहम भूमिका रहती है।
उत्तर-पूर्व दिल्ली से लोकसभा सदस्य तिवारी ने यह दावा भी किया कि केजरीवाल (पश्चिम) बंगाल, पंजाब, मध्य प्रदेश, हरियाणा और अन्य राज्यों के लोगों को दिल्ली से हटाना चाहते हैं। तिवारी ने फेसबुक लाइव बातचीत के दौरान कहा, ”क्या भारतीय राजस्व सेवा (आईआरएस) अधिकारी केजरीवाल नहीं जानते हैं कि एनआरसी क्या है? ऐसा लगता है कि केजरीवाल ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है।” उन्होंने यह भी कहा,”मैंने उनकी (केजरीवाल की) नीतियों को लेकर उनकी आलोचना की है लेकिन उन्हें कभी अपशब्द नहीं कहे।”
गौरतलब है कि तिवारी ने अतीत में कई मौकों पर यह मांग की है कि असम की तरह दिल्ली में भी NRC को लागू किया जाना चाहिए। पिछले महीने तिवारी ने कहा था कि बांग्लादेशी और रोहिंग्या सहित अवैध प्रवासियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी के चलते दिल्ली में स्थिति ‘खतरनाक हो गई है क्योंकि इन लोगों को आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त पाया गया है।
