राजीव 1984 में सत्ता में आए लेकिन कभी भी भय पैदा करने के लिए सत्ता का इस्तेमाल नहीं किया : सोनिया गांधी
नई दिल्ली। कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कहा कि उनके पति और पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी साल 1984 में सत्ता में आए थे, लेकिन उन्होंने कभी भी सत्ता का इस्तेमाल भय पैदा करने के लिए नहीं किया। सोनिया ने कहा कि राजीव ने न ही स्वतंत्रता खत्म किया और नहीं लोगों की लिबर्टी छीनी।
राजीव गांधी को लेकर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान गुरुवार की शाम को सोनिया गांधी ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री ने कभी भी सत्ता का इस्तेमाल लोकतंत्र के सिद्धांत को खतरे में डालने के लिए नहीं किया।
सोनिया गांधी ने यह बयान ऐसे समय पर दिया है जब UPA सरकार के दौरान वित्त मंत्री रहे सीनियर कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम को CBI ने बुधवार की रात को INX मीडिया भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किया है। गुरुवार को CBI की विशेष अदालत ने चिदंबरम को 26 अगस्त को CBI की रिमांड पर भेज दिया है।
गौरतलब है कि कांग्रेस सरकार की तरफ से लगातार सरकार पर संस्थानों पर हमले के आरोप लगाए जाते रहे हैं। हाल में हुए लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी की करारी शिकस्त के बाद राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद सोनिया गांधी को कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में अंतरिम अध्यक्ष बनाने का फैसला किया गया।
