मुख्यमंत्री ने न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर धर्माधिकारी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया
रायपुर। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने पद्मभूषण अलंकरण से सम्मानित, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और न्यायमूर्ति श्री चंद्रशेखर शंकर धर्माधिकारी के निधन पर गहरा दु:ख व्यक्त किया है। श्री बघेल ने शोक संदेश में कहा है कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जन्मे श्री धर्माधिकारी एक महान न्यायविद, गांधीवादी चिंतक और हिन्दी, मराठी, गुजराती और अंग्रेजी भाषाओं के प्रकाण्ड विद्वान थे। उन्होंने इन भाषाओं में कई पुस्तकें लिखी। स्वतंत्रता आंदोलन में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उन्होंने मुम्बई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में न्यायिक प्रशासन को महत्वपूर्ण सेवाएं दी। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने उनके शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है। श्री बघेल ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की है।ज्ञातव्य है कि रायपुर (छत्तीसगढ़) में 20 नवम्बर 1927 को जन्मे श्री चंद्रशेखर धर्माधिकारी का नागपुर (महाराष्ट्र) में 3 जनवरी को निधन हो गया।