चलती वेन में आग,चालक ने कूदकर बचायी जान
चलती वेन में आग,चालक ने कूदकर बचायी जान
रायपुर। जोरा तेलीबांधा स्थित होटल मेरिएट के सामने बुधवार दोपहर एक चलती वेन में आग लग गई और वह धू-धूकर जलने लगी। उसमें सवार चालक ने वाहन से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई। यह वेन शहर से सब्जी लेकर मंदिर हसौद की ओर जा रही थी। हादसे में किसी के हताहत की खबर नहीं है। फायर बिग्रेड की टीम ने मौके पर पहुंच कर आग पर काबू पा लिया।
पुलिस के मुताबिक चालक इमरान पुरानी वेन की मरम्मत कराने के बाद आज उसमें सब्जी लेकर मंदिर हसौद की ओर जा रहा था, तभी उसकी वेन में अचानक आग लग गई और जलकर यह वेन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। चालक ने तेलीबांधा थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि रायपुर की इस कंडम वेन को वह मरम्मत कराकर चला रहा था। उसका अब कोई बीमा भी नहीं है। ऐसे में वह पुलिस में कोई रिपोर्ट नहीं लिखाना चाहता। पुलिस का कहना है कि पुरानी गाड़ी में शॉर्ट सर्किट से आग लगी है और सिर्फ वेन को नुकसान हुआ है। बाकी चालक व राह चलते लोगों को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। समय पर पहुंची फायर बिग्रेड की टीम ने आग को कुछ ही देर में बुझा लिया।
