MS धोनी ने अपने घोड़े संग लगाई रेस, पत्नी साक्षी ने शेयर किया वीडियो

न्यूज़ डेस्क। पिछले महीने इंडियन प्रीमियर लीग(आईपीएल) 2021 के अनिश्वितकाल के लिए स्थगित होने के बाद से भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अपने परिवार संग रांची में समय बिता रहे हैं। धोनी अक्सर सोशल मीडिया से खुद को दूर रखते हैं और इसीलिए फैन्स भी उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब रहते हैं। शनिवार को उनकी पत्नी साक्षी ने चेन्नई सुपर किंग्स(सीएसके) के कप्तान के फैन्स का इंतजार खत्म किया और एक शानदार वीडियो शेयर किया। वीडियो में धोनी अपने घोड़े के साथ रेस लगाते नजर आ रहे हैं।

साक्षी ने वीडियो को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा कि, ‘मजबूत, तेज।’ वीडियो में धोनी काले रंग की टीशर्ट और लोअर में दौड़ते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो से पहले साक्षी ने धोनी का एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें माही अपने घोड़े की मसाज करते हुए नजर आ रहे थे। धोनी का मालिश करने वाला यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ था।

आईपीएल इतिहास के दूसरे सबसे सफल कप्तान एमएस धोनी के लिए आईपीएल 2020 किसी बुरे सपने से कम नहीं था। उनकी टीम का इस सीजन में प्रदर्शन बेहद खराब रहा था और टीम ने टूर्नामेंट का खात्मा सातवें नंबर पर रहकर किया। यह टीम का आईपीएल इतिहास का सबसे खराब प्रदर्शन था। टीम ने लेकिन इस सीजन यानी आईपीएल 2021 में शानदार वापसी की और टूर्नामेंट के स्थगित होने से पहले 7 में से 5 मैचों में जीत दर्ज की। टीम इस बार खिताब जीतने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। टीम ने अब तक धोनी की कप्तानी में तीन बार खिताब पर कब्जा जमाया है।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.