बुध 5 अगस्त, 2026

PM आवास योजना: प्रधानमंत्री मोदी ने यूपी के लाभार्थियों को जारी की 2,690 करोड़ रुपये की किस्त, कहा- भविष्य में यह योजना गांव में रहने वाले लोगों का भाग्य बदलने जा रही है

0
pm-awas-yojana-up

न्यूज़ डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उत्तर प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 6.1 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में 2,690 करोड़ रुपये की राशि का डिजिटल ट्रांसफर किया। पीएम मोदी ने वर्ष 2020-21 के तहत आवास योजना के 5.3 लाख लाभार्थियों को आवास निर्माण की पहली किस्त तथा 80 हजार लाभार्थियों को दूसरी किस्त की धनराशि ट्रांसफर की गई है। इस दौरान पीएम मोदी ने लखीमपुर खीरी के नन्‍हे सिंह, चित्रकूट से राजकुमारी, वाराणसी की कमला देवी और अयोध्‍या की कुमकुम, सहारनपुर की बाला से संवाद किया और उनके अनुभव जाने।

प्रधानमंत्री मोदी ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि आप सभी को बहुत जल्द सपनों का घर मिलने वाला है। अभी कुछ दिनों पहले ही देश में कोरोना वैक्सीन का दुनिया का सबसे बड़ा अभियान चलाया है। अब आप सभी के जीवन का एक सपना पूरा हो रहा है। यह खुशी आपके जीवन में सुविधा भरे यही मेरी कामना है। उन्होंने कहा कि पांच वर्ष पहले आगरा से प्रधानमंत्री आवास योजना का शुभारंभ करने का मुझे सौभाग्य मिला। इतने कम वर्षों में इस योजना ने देश के गांवों की तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है। इस योजना के साथ करोड़ों लोगों की उम्मीद और सपने जुड़े हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना ने गरीब से गरीब को यह विश्वास दिलाया है कि आज नहीं तो कल मेरा भी घर हो सकता है।

पीएम मोदी ने कहा कि पहले जो सरकारें रही उस दौरान उत्तर प्रदेश में क्या स्थिति थी ये आप सभी ने देखा है। गरीब को ये विश्वास ही नहीं था कि सरकार भी घर बनाने में उसकी मदद कर सकती है। जो पहले की आवास योजनाएं थीं, जिस तरह से घर उनके तहत बनाएं जाते थें, वो भी किसी से छिपा नहीं है। आत्मनिर्भर भारत का सीधा संबंध देश के नागरिकों के आत्मविश्वास से है और घर एक ऐसी व्यवस्था और ऐसा सम्मानजनक तोहफा है जो इंसान का आत्मविश्वास कई गुना बढ़ा देता है। उन्होंने कहा कि देश ने आजादी के 75 वर्ष पूरे होने तक हर गरीब परिवार को पक्का घर देने का लक्ष्य तय किया था। बीते वर्षों में लगभग दो करोड़ घर सिर्फ ग्रामीण इलाकों में बनाए गए हैं। अकेले प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी करीब सवा करोड़ घरों की चाबी लोगों को दी जा चुकी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के पूरे अभियान की सबसे खास बात यह है कि जितने भी घर बन रहे हैं, सबके लिए पैसा सीधे गरीबों के बैंक खातों में दिया जा रहा है। किसी भी लाभार्थी को तकलीफ न हो, भ्रष्टाचार का शिकार न होना पड़े। केंद्र और यूपी सरकार मिलकर इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। योगी आदित्यनाथ जी की सरकार की सक्रियता का परिणाम है कि यूपी में आवास योजना के काम की गति भी बदल गई और तरीका भी बदल गया है। यूपी में करीब 22 लाख ग्रामीण आवास बनाए जाने हैं। इनमें से 21.5 लाख घरों को बनाए जाने की स्वीकृति भी दी जा चुकी है।

मोदी जी ने कहा कि गांव के लोग प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना लाभ उठाएं। आने वाले दिनों में यह योजना गांव में रहने वाले लोगों का भाग्य बदलने जा रही है। पीएम मोदी ने कहा कि सामान्य लोगों के जीवन को आसान बनाने के लिए यूपी में जो काम हो रहे हैं, उसे हर कोई अनुभव कर रहा है। विभिन्न विकास योजनाएं लोगों के जीवन को आसन बना रही है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

हो सकता है आप चूक गए हों