मध्यप्रदेश में कमलनाथ सरकार के खिलाफ BJP शुरू करेगी घंटानाद आंदोलन
भोपाल। मध्यप्रदेश में भाजपा जयप्रकाश नारायण यानि जेपी आंदोलन से प्रेरणा लेकर कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के खिलाफ घंटानाद आंदोलन करने जा रही है। जिसका एलान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह ने किया है 11 सितंबर को घंटानाद आंदोलन के तहत बीजेपी कार्यकर्ता प्रत्येक मुख्यालय पर घंटा और ढोल मजीरे लेकर कलेक्ट्रेड का घेराव करेगें।
घन्टानाद कार्यक्रम के लिए हर जिले में भाजपा ने एक बड़े नेता को भेजने का निर्णय लिया है। आंदोलन के बाद कार्यकर्ता एक ज्ञापन मीडिया को सौंपेंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने बताया कि भाजपा ने इसे “मध्यप्रदेश बचाओ-कांग्रेस भगाओ” स्लोगन दिया है। प्रदेश में पिछले 8 महीने से कांग्रेस की सरकार है और यह सरकार जनता के लिए सिरदर्द बन चुकी है। जहां यही नहीं मालूम की इस सरकार का मुख्यमंत्री कौन है। किसानों और जनता से किए हुए वादे कांग्रेस के नेता भूल चुके हैं। यही कारण है कि अब भाजपा प्रदेश बचाने को लेकर घंटानाद आंदोलन चलाने जा रही है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि जिस प्रकार स्वर्गीय जयप्रकाश नारायण ने देश में कांग्रेस की इंदिरा गांधी सरकार के खिलाफ घंटानाद किया था। उसी तरह भाजपा भी प्रदेश में घंटे बजाकर कुंभकर्ण की नींद में सो रही प्रदेश की कांग्रेस सरकार को अब जगाएगी। 11 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर उतर कर घंटा नाद आंदोलन करेंगे। कुल मिलाकर प्रदेश पिछले 8 माह में कांग्रेस की कमलनाथ सरकार के खिलाफ होने वाला भाजपा का यह पहला बड़ा आंदोलन है। जिसको लेकर पार्टी स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं।
