जांजगीर-चांपा में 28 एनीकट, सिर्फ सोठीं से ही उद्योगों को मिल रहा पानी
रायपुर। जांजगीर-चांपा जिले में 28 एनीकट है। उनमें से एकमात्र सोठीं एनीकट से दो उद्योगों को पानी दिया जा रहा है। यह जानकारी कृषि मंत्री रविन्द्र चौबे ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।
भाजपा सदस्य सौरभ सिंह ने पूछा कि जांजगीर-चांपा जिले में 15 जनवरी 19 की स्थिति में कितने एनीकट हैं? उनमें से कितने एनीकटों से कौन-कौन से उद्योगों को पानी दिया जा रहा है? इसके जवाब में जल संसाधन मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि जांजगीर-चांपा जिले में 15 जनवरी 2019 की स्थिति में 28 एनीकट हैं। उनमें से एकमात्र सोठीं एनीकट से प्रकाश इंडस्ट्रीज चांपा और मध्य भारत पेपर मिल लिमिटेड को पानी दिया जा रहा है।
जल संसाधन मंत्री ने यह भी बताया कि दोनों उद्योगों से 15 जनवरी 2019 की स्थिति में 25 करोड़ 62 लाख रूपए की राशि वसूली के लिए बकाया है। वसूली के लिए लगातार की जा रही कार्यवाही गलत है। कांग्रेस सदस्य प्रकाश नायक के सवाल के लिखित जवाब में जल संसाधन मंत्री ने बताया कि रायगढ़ जिले के अंतर्गत आने वाले उद्योगों के विरूद्ध 31 दिसंबर 2018 की स्थिति में जलकर की राशि 188 करोड़ 14 लाख से अधिक बकाया है। जलकर राशि जमा नहीं करने वाले उद्योगों को नियमानुसार नोटिस दिया जा रहा है।