पीएम मोदी 8 नवंबर को घोघा-हजीरा ‘रोपैक्स’ फेरी सेवा का करेंगे लोकार्पण, समुद्र मार्ग से दोनों स्थानों के बीच की दूरी होगी 60 किलोमीटर

न्यूज़ डेस्क। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। चाहे सड़क हो, रेल हो, हवाई मार्ग हो या फिर जल मार्ग। मोदी सरकार लगातार नई-नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं, जिनसे लोगों को काफी सुविधाएं मिल रही हैं। इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी 8 नवंबर को भावनगर के घोघा और सूरत के हजीरा के बीच वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘रोपैक्स’ फेरी सेवाओं का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात में स्थित दोनों स्थलों के बीच यात्रियों और भारी वाहनों की आवाजाही शुरू होगी।

घोघा और हजीरा के बीच सड़क मार्ग से दूरी 370 किलोमीटर है। फेरी सेवा के जरिए लोग समुद्र मार्ग का इस्तेमाल कर सकेंगे और दोनों स्थानों के बीच दूरी मात्र 60 किलोमीटर रह जाएगी। इससे यात्रियों और भारी वाहनों दोनों को ले जाया जाएगा। खास बात है कि एक यात्रा में रोपैक्स नौका वाहन 550 लोगों, 30 ट्रकों, सात छोटे ट्रकों और 100 दोपहिया वहानों को ले जाने में सक्षम होगी।

इससे दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्रों के बीच आने-जाने में काफी समय की बचत होगी। घोघा से हजीरा तक का 12 घंटे का सफर जल मार्ग से महज 4 घंटे का रह जाएगा। यह देखते हुए इस सेवा को सभी मौसम में जारी रखा जाएगा, जो उच्च ज्वार के समय भी चलती रहेगी।

केंद्रीय जहाजरानी राज्यमंत्री मनसुख मांडवीया ने बताया कि सौराष्ट्र को दक्षिण गुजरात तथा मुंबई से जोड़कर व्यापार व निर्यात को बढ़ावा दिया जाएगा। केंद्र व राज्य सरकार गुजरात के समुद्र तट को सीधे दक्षिण भारत से जोड़ने की योजना पर भी काम कर रही है। मनसुख भाई का कहना है कि सड़क मार्ग में ईंधन की खपत अधिक होती है और परिवहन में समय भी अधिक लगता है इसलिए जलमार्ग की अधिक से अधिक संभावनाओं को खोज कर उसकी सुविधाओं को शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.