राहुल के बयान से भड़की शिवसेना, कहा – ना करें वीर सावरकर का अपमान, वो पूरे देश के देवता हैं
नई दिल्ली। कांग्रेस पार्टी की यहां रामलीला मैदान में शनिवार को आयोजित ‘भारत-बचाओ रैली’ में राहुल गांधी ने हिंदूवादी नेता विनायक दामोदर सावरकर पर निशाना साधा तो महाराष्ट्र में गठबंधन सहयोगी शिवसेना ने उस पर नाराजगी जाहिर की है। शिवसेना ने राहुल गांधी का बगैर नाम लिए उन्हें सावरकर का अपमान न करने की नसीहत दी है।
शिवसेना के राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने मराठी में ट्वीट किया, “हम पंडित नेहरू, महात्मा गांधी को भी मानते हैं, आप वीर सावरकर का अपमान मत करो। बुद्धिमान लोगों को ज्यादा बताने की जरूरत नहीं होती।” दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि वीर सावरकर महाराष्ट्र ही नहीं, पूरे देश के लिए आदरणीय हैं।
गौरतलब है कि राहुल गांधी ने भारत बचाओ रैली में भाजपा सरकार पर हमला करते हुए कहा कि मेरा नाम राहुल सावरकर नहीं है बल्कि राहुल गांधी है और मैं मर जाऊंगा लेकिन माफी नहीं मागूंगा। राहुल गांधी द्वारा दिए गए इस बयान से शिवसेना और भाजपा के एक बड़ा खेमा काफी नाराज दिखाई दे रहा है।
