मंगल 4 अगस्त, 2026

जम्मू-कश्मीर-लद्दाख के पहाड़ों में बर्फबारी भारी बर्फबारी के बाद उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, दिल्ली में भी हुई बारिश

0
Heavy-rains

नई दिल्ली। ऊंचाई वाले क्षेत्र जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी की वजह से उत्तर भारत में सर्दी बढ़ गई है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को भारी बारिश हुई और ठंडी हवाएं चली जिससे लोग ठिठुरने लगे। भारतीय मौसम विभाग में क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शहर में तेज ठंडी हवाओं और बिजली कड़कने के साथ लगभग दो घंटेबारिश हुई। उन्होंने कहा, “14-15 दिसंबर को शहर का तापमान गिरकर 10 डिग्री से नीचे जा सकता है।” शहर का न्यूनतम पारा 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि अधिकतम तापमान औसत से दो डिग्री सेल्सियस कम रहते हुए21.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

गुरूवार शाम 4 बजे दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (QI) 429 दर्ज किया गया, जो ‘गंभीर’ श्रेणी में आता है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को मध्यम बर्फबारी हुई थी, वहीं श्रीनगर और जम्मू के मैदानी हिस्सों में बृहस्पतिवार दोपहर से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि जम्मू कश्मीर एवं लद्दाख केंद्र शासित प्रदेशों में बृहस्पतिवार और शुक्रवार के लिए ‘ऑरेंज चेतावनी’ जारी की गई है, जिसका मतलब है कि वहां मध्यम बर्फबारी और बारिश हो सकती है। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग, दक्षिण कश्मीर के पहलगाम और मध्य कश्मीर के सोनमर्ग और अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रोंमें मध्यम बर्फबारी हुई। विमानपत्तन प्राधिकरण ने बताया कि पिछले छह दिनों से घने कोहरे की वजह से दृश्यता कम होने से श्रीनगर हवाई अड्डे पर विमान परिचालन पूरी तरह से ठप्प है। उत्तराखंड में गुरुवार को इस सीजन का सर्वाधिक हिमपात हुआ जिससे पूरा प्रदेश शीतलहर की चपेट में आ गया है। कई जिलों में शुक्रवार को सरकारी और निजी स्कूल बंद करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के उच्च गढवाल हिमालयी क्षेत्रों में बुधवार रात से लगातार हिमपात हो रहा है जिससे केदारनाथ और बदरीनाथ मंदिर समेत अनेक इलाकों ने बर्फ की सफेद चादर ओढ ली है।

हिमपात से खुश पर्यटक चमोली में स्थित प्रसिद्ध स्की रिजार्ट औली की तरफ उमड़ पड़े हैं और उसके बर्फ से लबालब ढलानों पर स्कीइंग का मजा ले रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क रहा लेकिन कई स्थानों पर मध्यम कोहरा छाया रहा। आठ डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ बस्ती प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। हिमाचल प्रदेश के भी कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी के बाद सर्दी बढ़ी है। प्रदेश में न्यूनतम तापमान में 7-8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। शिमला जिले के कुफ्री में अधिकतम तापमान शून्य से नीचे दर्ज किया गया है। राजस्थान के कई इलाको में रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हुई है और गंगानगर में न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है जो राज्य में सबसे कम था। पंजाब और हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ डिग्री सेल्सियस ऊपर चला गया है।चंडीगढ़ समेत दोनों राज्यों के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

हो सकता है आप चूक गए हों