प्रधानमंत्री मोदी ने बोला ममता पर हमला, कहा- कट मनी नहीं मिलता, इसलिए लागू नहीं होती केंद्र की योजना
कोलकाता। PM नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि आज के इस अवसर पर, मैं बाबा साहेब आंबेडकर को भी याद करता हूं, उन्हें नमन करता हूं। डॉक्टर मुखर्जी और बाबा साहेब, दोनों ने स्वतंत्रता के बाद के भारत के लिए नई नीतियां दी थीं, नया विजन दिया था। लेकिन ये देश का दुर्भाग्य रहा कि डॉक्टर मुखर्जी और बाबा साहेब के सरकार से हटने के बाद, उनके सुझावों पर वैसा अमल नहीं किया गया, जैसा किया जाना चाहिए था। यह बात प्रधानमंत्री मोदी ने कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट के स्थापना के 150 वें वर्ष पूरे होने पर संबोधित करते हुए कही।
प्रधानमंत्री ने पश्चिम बंगाल की ममता बनर्जी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र की योजनाएं यहां पर लागू नहीं की जा रही है क्योंकि इन योजनाओं में न तो कट मिल पाता है और न ही कमीशन। पीएम मोदी ने ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है ममता बनर्जी आयुष्मान योजना और किसान सम्मान योजना को अपने राज्य में लागू करने की इजाजत दे देगी। उन्होंने कहा कि जैसे ही पश्चिम बंगाल राज्य सरकार आयुष्मान भारत योजना, पीएम किसान सम्मान निधि के लिए स्वीकृति देगी, यहां के लोगों को इन योजनाओं का भी लाभ मिलने लगेगा।
PM मोदी ने कहा कि कोलकाता का ये पोर्ट भारत की औद्योगिक, आध्यात्मिक और आत्मनिर्भरता की आकांक्षा का प्रतीक है, ऐसे में जब ये पोर्ट डेढ़ सौवें साल में प्रवेश कर रहा है, तब इसको न्यू इंडिया के निर्माण का भी एक प्रतीक बनाना आवश्यक है। PM ने कहा कि पश्चिम बंगाल की, देश की इसी भावना को नमन करते हुए मैं कोलकाता पोर्ट ट्रस्ट का नाम, भारत के औद्योगीकरण के प्रणेता, बंगाल के विकास का सपना लेकर जीने वाले और एक देश, एक विधान के लिए बलिदान देने वाले डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के नाम पर करने की घोषणा करता हूं।
