भाजपा दोहरे मानदंडों की राजनीति कर रही है-कांग्रेस
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रामलीला मैदान दिल्ली में पूछा है कि छत्तीसगढ़ में सीबीआई की एण्ट्री पर बैन क्यों ? प्रदेश महामंत्री एवं संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि 2012 में छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के मुखिया रमन सिंह से ने सीबीआई की एण्ट्री पर बैन लगाकर राजपत्र में प्रकाशित किया था। उस समय मोदी ने रमन सिह से क्यों नहीं पूछा था कि सीबीआई की एण्ट्री पर राजपत्र में प्रकाशन कर बैन क्यों? कांग्रेस की सरकार ने तो एक पत्र मात्र लिखा है। एक पत्र लिखने से भाजपा के मापदण्ड एक ही मामले में क्यों बदल जाते हैं?
शैलेश नितिन त्रिवेदी ने आरोप लगाया है कि भाजपा लगातार दोहरे मापदण्ड की राजनीति कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने कहा है कि मुख्यमंत्री सीबीआई से डरे हुए हैं, खौफ के कारण यह पत्र कांग्रेस सरकार ने लिखा है। 2012 में रमन सिंह को कौन सा डर था, कौन सा खौफ था उनको छत्तीसगढ़ की जनता को बताना चाहिए। रमन सिंह की भावना क्या थी यह इस बयान से स्पष्ट है। क्या रमन सिंह जी को 2012 में वर्जिन आईलैण्ड के खातों का मामला उजागर हो जाने का भय था? क्या रमन सिंह जी के कवर्धा के पते पर विदेशों में खाते खोले गये उस मामले के उजागर हो जाने का खौफ था या फिर नया बोलकर जो पुराना हेलिकाप्टर खरीदा गया उस घोटाले के मामले की जांच सीबीआई से न हो जाये क्या इस संभावना से रमन सिंह जी भयभीत थे?
शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा है कि शराबबंदी कांग्रेस के घोषणा पत्र का एक महत्वपूर्ण बिंदु है और कांग्रेस अपने घोषणा पत्र के सभी बिंदुओं को 5 वर्ष में पूरा करेगी। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा था छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनने के 10 दिनों के अंदर कर्ज माफी होगी। कांग्रेस सरकार ने कर्ज माफी के वादे को एक घंटे के अंदर पूरा किया। इसी तरह अपने हर वायदे को पूरा करने के लिए कांग्रेस की सरकार संकल्पित है। कांग्रेस भाजपा की तरह जनता से वादाखिलाफी नहीं करती है।