असम पुलिस के 6 जवानों की मौत पर जश्न, सीएम हिमंता ने वीडियो ट्वीट कर कहा-भयावह, दुखद

गुवाहाटी। असम और मिजोरम के बीच सीमा विवाद के अचानक बढ़ने के दौरान हुई सोमवार को हुई हिंसक झड़प में असम पुलिस के छह जवानों की मौत हो गई और एक पुलिस अधीक्षक समेत 60 अन्य घायल हो गए हैं। दोनों पक्षों ने हिंसा के लिए एक-दूसरे की पुलिस को जिम्मेदार ठहराया है और केंद्र सरकार से इस मामले में दखल की मांग की है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात भी की और उनसे विवादित सीमा पर शांति बहाल करने कहा है।

सोमवार को दोनों राज्यों में सीमा विवाद के लिए हुई हिंसा के बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने एक प्रेस नोट जारी किया है जिसमें कहा गया है कि मिजोरम के साथ सीमा पर तनाव को देखते हुए, असम सरकार ने राज्य से अपने लोगों और पुलिस कर्मियों को बेवजह हिंसा करने से रोकने और शांति बहाल करने की दिशा में काम करने का आग्रह किया है। असम के सीएम हिमंता बिस्‍वा शर्मा ने इस प्रेस नोट को ट्वीट के जरिए साझा किया है।

वहीं असम के मुख्यमंत्री हिमंता ने एक वीडियो भी शेयर किया है जिसमें मिजोरम पुलिस के जवानों को जश्न मनाते हुए दिखाया गया है. हिमंत बिस्वा सरमा ने वीडियो को शेयर करते हुए लिखा ‘असम के 5 पुलिस कर्मियों की हत्या और कई को घायल करने के बाद मिजोरम पुलिस और गुंडे ऐसे जश्न मना मना रहे हैं। दुखद और भयावह।

दरअसल दोनों राज्‍यों की सीमा पर सुरक्षाबलों और नागरिकों के बीच सोमवार को जमकर भिड़ंत हुई। असम के मुख्‍यमंत्री हिमंत बिस्‍वा सरमा ने बताया कि पड़ोसी मिजोरम के उपद्रवियों की ओर से की गई गोलीबारी में असम पुलिस के छह जवानों की मौत हो गई है।

असम के मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया, ”मुझे यह सूचित करते हुए बहुत दुख हो रहा है कि असम-मिजोरम सीमा पर हमारे राज्य की संवैधानिक सीमा की रक्षा करते हुए असम पुलिस के छह बहादुर जवानों ने अपने प्राणों की आहुति दी है. शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना।’

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.