मां की हत्या कर शव को अस्पताल में किया दान
रायपुर। पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के परसुराम नगर में एक युवक ने अपनी मां की हत्या कर शव को अस्पताल में दान कर दिया। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को पता चला कि बुजुर्ग महिला की मौत मारपीट से हुई है। मामले में पुरानी बस्ती पुलिस ने आरोपी पुत्र के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुरानी बस्ती थाने के जानकार सूत्रों ने बताया कि आरोपी सुदीप बोस (23) प्रोफेसर कालोनी के परसुराम नगर का रहने वाला है। बताया जाता है कि आरोपी अपनी बुजुर्ग मां हेमप्रभा बोस के साथ रहता था। उसकी मां हमेशा बीमार रहती थी। बताया जाता है कि आरोपी सुदीप बोस ने संपत्ति विवाद के चलते अपने मां से हमेशा विवाद करता था। 25 फरवरी की रात आरोपी ने फिर अपनी मां से विवाद कर मारपीट की। इसके चलते बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। आरोपी ने अपनी मृत मां के शव को अस्पताल में ले जाकर दान कर दिया। जब डॉक्टरों के पैनल टीम ने शव की जांच की तो बुजुर्ग महिला की बॉडी पर चोट के निशान पाए गए। जब बॉडी का पोस्टमार्टम किया गया तो जानकारी मिली की उसकी मौत मारपीट करने की वजह से हुई है। इससे डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुरानी बस्ती पुलिस को दी। पुलिस मामले में आरोपी पुत्र के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया है।