लखनऊ में प्रियंका गांधी के रोड शो में राहुल ने लगवाए चौकीदार चोर है के नारे

लखनऊ में प्रियंका गांधी के रोड शो में राहुल ने लगवाए ‘चौकीदार चोर है’ के नारे

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी के तौर पर प्रियंका गांधी वाड्रा आज पहली बार लखनऊ पहुंची हैं। यहां वो कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पश्चिम यूपी के प्रभारी ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ रोड शो कर रही हैं। कांग्रेस की महासचिव बनने के बाद प्रियंका गांधी वाड्रा पहली बार लखनऊ आई हैं। तीनों एक बस की छत पर सवार हो गई हैं। इनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर और आरपीएन सिंह समेत कई नेता भी हैं। यह बस कांग्रेस की लकी बस बताई गई है। प्रियंका 12 किलोमीटर तक रोड शो कर रही हैं। इसके बाद वो लाल बाग में एक रैली भी करेंगी। उत्तर प्रदेश की अपनी पहली यात्रा से एक दिन पहले उन्होंने कहा कि राज्य के लोगों के साथ मिल कर वह ‘नई तरह की राजनीति’ शुरू करने की उम्मीद करती हैं, जिसमें हर किसी की हिस्सेदारी होगी।

प्रियंका के रोड शो को लेकर कांग्रेसियों सहित लखनऊ के स्थानीय लोगों में काफी उत्साह बना हुआ है। लखनऊ को पोस्टरों और होर्डिंग से पाट दिया गया है जिसमें प्रियंका का दुर्गा अवतार देखने को मिल रहा है।

बस में सवार होकर प्रियंका गांधी वाड्रा, राहुल गांधी, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरपीएन सिंह , कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राजीव बब्बर रोड शो प्रारंभ हो गया है। रोड शो के दोनों तरफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी हुई है। कार्यकर्ताओं में काफी जोश है। बस के ऊपर बिजली के तार होने की वजह से रोड शो रोक दिया गया है। राहुल, प्रियंका और ज्योतिरादित्य के रोड शो में ‘चौकीदार चोर है’ के नारे लग रहे हैं। अब राहुल गांधी, प्रियका गांधी को कार पर बैठाकर रोड शो को आगे चलना प्रारंभ कर दिया है। राहुल गांधी ने कहा कि हम फ्रंटफुट पर खेलेंगे, बैकफुट पर नहीं। यूपी में कांग्रेस की सरकार बनने तक हम चुप नहीं बैठने वाले। यूपी में सालों से अन्याय हो रहा है।

यूपी के स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा, वह इसे रोड शो कह रहे हैं, लेकिन यह चोर मचाए शोर जैसा लग रहा है। गांधी वाड्रा परिवार जमानत पर बाहर है। वे रोड नहीं कर सकते बल्कि चोर शो कर सकते हैं। यूपी के लोग, खासकर लखनऊ, उन लोगों के भ्रष्ट चेहरे देखेंगे जिन्होंने राष्ट्र के 12 लाख करोड़ रुपये लूटे हैं।

मॉल एवेन्यू पर स्थित कांग्रेस कार्यालय को फूलों से सजाया गया है। रोड शो के लिए पूरे मार्ग को पोस्टरों, होर्डिगों और बैनरों से पाट दिया गया है। यहां लगे पोस्टरों में अधिकतर जगह ‘आ गई बदलाव की आंधी, राहुल संग प्रियंका गांधी’ लिखा हुआ है। कई कांग्रेस कार्यकर्ता प्रियंका के तस्वीर वाले टॉपी और टी-शर्ट पहने हुए हैं। इससे बाद प्रियंका गांधी, राहुल गांधी व सिंधिया के साथ हवाईअड्डे के बाहर खड़ी फूलों से सजाई गई खुली बस में सवार हो गईं। यह पूरे शहर से होती हुई पार्टी मुख्यालय तक जाएगी।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.