बेकाबू बस झाडि़यों में घुसी, आधा दर्जन घायल
राजनांदगांव। साल्हेवारा से दुर्ग जा रही तेजरफ्तार यात्री बस गंडई क्षेत्र के मानपुर क्षेत्र में अनियंत्रित होकर झाडिय़ों में जा घुसी। इस हादसे में 6 यात्रियों के जख्मी होने की सूचना है। हालांकि गंडई पुलिस ने सिर्फ 3 यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है। बताया जाता है कि हादसे के दौरान बस में करीब 60 यात्री सवार थे।
थाना प्रभारी सीपी साहू ने बताया कि नवीन बस ट्रेव्हल्स की बस साल्हेवारा से दुर्ग की ओर जा रही थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे आ गई और झाडिय़ों में जा घुसी। हादसे के कारण बस में सवार यात्रियों में हड़कंप की स्थिति निर्मित हो गई। घायलों को पुलिस की मदद से गंडई सामुदायिक अस्पताल ले जाया गया है। पुलिस के मुताबिक बस तेज गति में दौड़ रही थी। इसी दौरान चालक बस पर काबू नहीं कर पाया और यह हादसा हो गया।