ठगी का आरोपी इंदौर से गिरफ्तार, पत्नी फरार
रायपुर। प्रदेश के सैंकड़ों कारोबारियों को 100 करोड़ से ज्यादा की ठगी के आरोपी महेंद्र कुमार गुप्ता को इंदौर से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पत्नी सुनीता गुप्ता मौके से फरार हो गई। आजादनगर थाने की पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लेकर आ रही है। इसकी पुष्टि आजादनगर थाने के टीआई केके वाजपेयी ने की।
उन्होंने बताया कि इस शातिर दंपति के ऊपर राजधानी रायपुर के अलग-अलग थानों में 40 से ज्यादा ठगी के मामले दर्ज बताए जा रहे हैं। आरोप है कि इस दंपति ने साल 2013 में छत्तीसगढ़ की राजधानी समेत पूरे प्रदेश के कारोबारियों से 100 करोड़ से ज्यादा ठग लिए। इसके बाद दोनों पति पत्नी फरार हो गए।
बाद में पता चला कि दोनों इंदौर में रह रहे हैं। बस फिर क्या था पुलिस का एक दल वहां के लिए रवाना हुआ। इन लोगों ने गुपचुप तरीके से आरोपी महेंद्र कुमार गुप्ता को तो गिरफ्तार कर लिया, मगर पति की गिरफ्तारी की भनक जैसे ही पत्नी सुनीता गुप्ता को लगी वो मौके का फायदा उठाकर फरार हो गई। फिलहाल आरोपी महेंद्र कुमार गुप्ता को ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया जा रहा है।