CAA के समर्थन में रैली निकालने पर हिरासत में लिए गए कैलाश विजयवर्गीय और मुकुल रॉय
कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेताओं कैलाश विजयवर्गीय और मुकुल रॉय को शुक्रवार को दक्षिण कोलकाता में नागरिकता संशोधन अधिनियम (CAA) के समर्थन में रैली निकालने के दौरान हिरासत में ले लिया गया। प्रस्तावित रैली का मार्ग टॉलीगंज फनरी से हजरा मोड़ था। पुलिस के मुताबिक विजयवर्गीय पुलिस की अनुमति के बिना कथित रूप से मार्च आयोजित करना चाहते थे जिसके बाद उन्हें पुलिस वैन में हिरासत में लिया गया और स्थान से दूर ले जाया गया।
विजयवर्गीय ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जानकारी देते हुए बताया कि कोलकाता में आज सीएए के समर्थन में मेरी रैली थी। पुलिस ने मुझे और मुकुल रॉय को गिरफ्तार कर लिया है। हमें लाल बाजार पुलिस हेडक्वार्टर ले जा रहे हैं। संसद में पारित किसी कानून के समर्थन में रैली करना कौनसा अपराध है, जो हमें गिरफ्तार किया गया? मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में निरंकुश शासन की शुरुआत की है।
मैं पुलिस गिरफ्तारी का विरोध नहीं करूंगा क्योंकि हम लोकतांत्रिक विरोध में विश्वास करते हैं। हम CAA के समर्थन में रैली निकाल रहे हैं। देशभर में इसे अपार समर्थन मिल रहा है, लेकिन ममता बनर्जी की पुलिस हमें शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक रैली निकालने से रोक रही है।
