NRC को लेकर अमित शाह का राहुल पर निशाना, पूछा- क्यों घुसपैठिये आपके चचेरे भाई लगते हैं क्या ?
रांची। केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने झारखंड में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। श्री शाह ने कहा कि ये राहुल बाबा कहते हैं कि NRC क्यों ला रहे हो? घुसपैठियों को क्यों निकाल रहे हो? कहां जाएंगे और क्या खाएंगे? क्यों आपके चचेरे भाई लगते हैं क्या?
अमित शाह इतने में ही नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि 2024 के पहले देश से एक-एक घुसपैठियों को चुन-चुन कर निकालने का काम भाजपा की सरकार करने वाली है। गौरतलब है कि झारखंड में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं। जहां पर चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए तमाम राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर जमकर हमला बोल रही हैं।
भाजपा अध्यक्ष शाह ने कहा कि झारखण्ड ने कई सरकारें देखीं, मगर कोई भी विकास को गति नहीं दे पाई, क्योंकि कोई भी सरकार पूर्ण बहुमत की नहीं थी। साल 2014 में देश ने PM मोदी को पूर्ण बहुमत दिया और झारखण्ड ने रघुवर दास को पूर्ण बहुमत दिया। इसका नतीजा यह रहा कि आज झारखण्ड विकास के रास्ते पर आगे बढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनती है, वैसे ही आदिवासियों और दलितों का आरक्षण कम किए बिना OBC समाज के आरक्षण को बढ़ाने के लिए हम एक कमेटी बनाएंगे।
