मृत्यु भोज करने के बाद डेढ़ दर्जन लोग को डायरिया
राजनांदगांव। जिला मुख्यालय से 7 किमी दूर मनकी गांव में मृत्यु भोज करने के बाद करीब डेढ़ दर्जन लोग डायरिया की चपेट में आ गए हैं। इनमें से पांच गंभीर मरीजों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यहां उनकी स्थिति में सुधार बताया जा रहा है। सूचना के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में रविवार को कैंप लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण की है। इसके अलावा घर-घर सर्वे कराया गया है। लोगों को डायरिया के लक्षण व इसके बचाव के संबंध में पूरी जानकारी दी गई है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने भी गांव पहुंचकर मामले को संज्ञान में लेते हुए जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
19 लोगों को शिकायत के बाद पहुंची टीम मनकी गांव में दो दिन पहले मंडावी परिवार द्वारा रात में मृत्यु भोज कराया गया। यहां भोजन करने गए करीब 19 लोगों को दूसरे दिन उल्टी-दस्त की शिकायत हो गई। एक साथ लोगों को डायरिया की शिकायत से अंदाजा लगाया गया कि मृत्यु भोज में बासी खाना या दूषित पानी का सेवन करने की वजह से ही उन्हें यह समस्या हुई होगी। इनमें से पांच लोगों को रविवार को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है।
