छेड़खानी की शिकार बेटी CM हाउस के पास टावर पर चढ़ी, पुलिस से परेशान लड़की लगा रही न्याय की गुहार

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से सनसनीखेज मामला सामने आ रहा है। यहां छेड़खानी की शिकार युवती को मुख्यमंत्री आवास के बाहर टावर पर चढ़कर न्याय मांगना पड़ रहा है। पॉलिटेक्निक चौराहे पर बने मोबाइल टावर चढ़ कर युवती ने पुलिस के ऊपर संगीन आरोप लगाए हैं। पीड़िता के मुताबिक छेड़खानी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय पुलिस उसके ऊपर ही केस वापस लेने का दबाव बना रही है।

काफी मान मनौव्वल के बाद आलाधिकारियों के भरोसा दिलाने के बाद युवती टावर से नीचे उतरीं। आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई का पुलिस अब भरोसा दिला रही है। हालांकि खास बात ये कि आखिर ऐसी परिस्थिति ही क्यों आई कि पीड़िता को टावर पर चढ़कर न्याय की गुहार लगानी पड़ी। युवती के अनुसार उसने आकाश नाम के शख्स को 60 हजार रुपए उधार दिये थे। जब पैसे मांगे तो जमाल ने वापस करने से मना कर दिया। काफी तगादा करने के बाद आरोपी ने युवती को VIP रोड पर बुलाया और उसके साथ छेड़खानी की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कर ली है। अब महिला पुलिस अधिकारियों के दबाव में आरोपी को पकड़ने की कवायद शुरू हो चुकी है।

पीड़िता के मुताबिक घटना के कई दिनों बाद तक पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने के बजाय उसे ही टरकाती रही। दरअसल आरोपी खुद होमगार्ड में जवान है जिसका फायदा वो उठा रहा है। पीड़िता के मुताबिक आरोपी की मां पुलिस हेडक्वार्टर में एसआई हैं। इसी वजह से पुलिस पीड़िता पर मामला वापस लेने का दबाव बना रही है।

पीड़िता का कहना है कि उसने मां के इलाज के लिए पैसे रखे थे। फिलहाल पीड़िता की मां डायलिसिस पर हैं। मामले में महिला आयोग की अध्यक्षा ने हस्तक्षेप किया है और थाने पहुंची। महिला आयोग की अध्यक्ष शोभा ओझा और सदस्य संगीता शर्मा के मुताबिक पुलिस महिलाओं के खिलाफ अत्याचार को गंभीरता से नहीं ले रही है। मामले में पुलिस विभाग हरकत में है क्योंकि सीएम हाउस के बाहर ही पीड़िता ने खुदकुशी की कोशिश की है।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.