Ram Mandir प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश में दीपोत्सव, “रामोत्सव बना, दीपोत्सव” पीएम मोदी ने जलाया ‘रामज्योति’, हर तरफ उत्साह का माहौल, देखें VIDEO…

नई दिल्ली। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद पूरे देश में उत्सव का माहौल रहा। अयोध्या से लेकर देश के कोने-कोने में लोगों ने दीये जलाए और खुशियां मनाईं। राजधानी दिल्ली हो या फिर जम्मू कश्मीर। तिरुवनंतपुरम हो या फिर असम, हर तरफ रोशनी और फुलझड़ियों की लड़ियां सजी हुई नजर आईं। जहां अयोध्या में सरयू के तट से लेकर रामलला के द्वार तक दीयों की कतार सजी रही। वहीं, दूसरी तरफ देश के अलग-अलग हिस्सों में भी ऐसा लग रहा था मानो दीपावली आ ही आ गई हो। राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह के बाद जनकपुर में भी दीपोत्सव मनाया गया।

इसकी शुरुआत हुई पीएम मोदी के साथ, जिन्होंने राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद अपने आवास पर दीपोत्सव मनाया। उधर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट किया कि आज संपूर्ण भारतवर्ष श्री राम लला के भव्य मंदिर में आगमन पर आनंद से भर गया है। प्रधानमंत्री मोदी के अनुरोध पर पूरा देश राम ज्योति जलाकर दिवाली मना रहा है। मैंने भी अपने परिवार के साथ भगवान श्री राम के आगमन पर दीए जलाए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी अपने आवास पर दीपोत्सव मनाया। वहीं, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने चंडीगढ़ आवास पर ‘दीपोत्सव’ मनाया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने भी अपने-अपने आवास पर दीये और पटाखे जलाए। केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने कहा कि वनवास के 14 वर्षों के बाद जब राम आए थे तो दिवाली थी लेकिन अभी तो 550 साल बाद आए हैं, तो अब महादिवाली है…प्राण प्रतिष्ठा ने हम सबके प्राणों में ऊर्जा भर दी है…पूरा माहौल राममय हुआ पड़ा है…।

अन्य राज्यों की बात करें तो अयोध्या के मंदिर में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा किये जाने पर हिमाचल प्रदेश में सोमवार को दिवाली जैसा माहौल देखने को मिला। कांग्रेस शासित राज्य में, जगह-जगह सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम और भंडारे का आयोजन किया गया, जिनमें लाखों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। प्राण प्रतिष्ठा समारोह का सीधा प्रसारण करने के लिए राज्य भर के मंदिरों में करीब 4,000 एलईडी स्क्रीन लगाये गए थे। रायपुर के कोटा क्षेत्र में दीपक जलाए गए। झारखंड में भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने दीपोत्सव मनाया। तमिलनाडु में भी लोगों ने दीये जलाए। वहीं, जम्मू कश्मीर के घंटाघर लाल चौक पर दीए जलाए गए।

रामज्योति! #RamJyoti

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.