रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जरूरतमंदों की समस्याएं संवेदनशीलता के साथ सुनीं और कई मामलों में मौके पर ही सहायता उपलब्ध कराने की पहल की। आर्थिक तंगी के कारण इलाज नहीं करा पा रहे परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई, वहीं गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे बच्चों के उपचार की व्यवस्था करने के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों को अनावश्यक भटकने से बचाने और जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों पर तत्परता से कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
जनदर्शन में राजनांदगांव से अपने तीन वर्षीय बेटे पार्थ साहू को लेकर पहुंचीं श्रीमती पूर्णिमा साहू ने बताया कि समय से पहले जन्म लेने के कारण पार्थ को जन्म के बाद करीब दो महीने अस्पत
ाल में भर्ती रखना पड़ा था। वह अब भी शारीरिक रूप से कमजोर है और चिकित्सकों ने उसकी आंखों में मोतियाबिंद तथा लेंस प्रत्यारोपण की आवश्यकता बताई है, जिस पर लाखों रुपये का खर्च आने की बात कही गई। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार कराना संभव नहीं हो पा रहा था। मुख्यमंत्री ने बच्चे की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को उसके बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसी तरह रायपुर के कुकुरबेड़ा निवासी श्री अमित कोटांगले अपने छह वर्षीय बेटे छयांश के पैरों के ऑपरेशन के लिए मदद मांगने पहुंचे। उन्होंने बताया कि उनके दोनों बच्चों को जन्म से ही चलने-फिरने में परेशानी है। बड़े बेटे का ऑपरेशन कठिन परिस्थितियों में कराया गया था, जबकि आर्थिक तंगी के कारण छोटे बेटे का उपचार नहीं हो पा रहा है। पत्नी के निधन के बाद वे अपनी बुजुर्ग माता और बहन के सहयोग से बच्चों की परवरिश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने परिवार की परिस्थिति को देखते हुए छयांश के तत्काल उपचार के निर्देश दिए।
जशपुर से अपनी मां के साथ पहुंचीं बी.कॉम की छात्रा फरहीन ने बताया कि उनके पिता वर्ष 2018 से कैंसर से पीड़ित थे। लंबे समय तक चले इलाज में परिवार की जमा पूंजी समाप्त हो गई और वर्ष 2025 में पिता का निधन हो गया। अब परिवार के सामने घर तक गिरवी रखने की नौबत आ गई है, जिससे फरहीन की पढ़ाई जारी रखना भी कठिन हो गया है। मुख्यमंत्री ने उनकी आपबीती सुनकर ढांढस बंधाया और पढ़ाई जारी रखने के लिए प्रोत्साहित करते हुए हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
जनदर्शन में रायपुर के मोहम्मद आरिफ अपने सात वर्षीय बेटे मोहम्मद आवान के उपचार के लिए पहुंचे। उन्होंने बताया कि आवान ऑटिज्म स्पेक्ट्रम डिसऑर्डर से प्रभावित है और उसकी नियमित थेरेपी पर हर महीने करीब 40 हजार रुपये खर्च होते हैं। दुर्घटना में चोटिल होने के बाद आरिफ के पास रोजगार का साधन नहीं है और परिवार के लिए थेरेपी का खर्च उठाना कठिन हो गया है। मुख्यमंत्री ने आवान की थेरेपी के लिए तत्काल 40 हजार रुपये का चेक प्रदान किया। पाटन से पहुंचे श्री ज्ञानेश कुमार साहू को पेट संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए 10 हजार रुपये तथा रायपुर के फूल चौक निवासी 70 वर्षीय श्री नरसिंह सोलंकी के उपचार के लिए उनकी पुत्री सुश्री ऋषिका सोलंकी को 5 हजार रुपये की सहायता दी गई। इस प्रकार तीन जरूरतमंदों को कुल 55 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई।
मुख्यमंत्री ने कोरबा जिले के कटघोरा विकासखंड के भलपहरी, हरदी बाजार निवासी 83 वर्षीय श्री परसराम राठौर को श्रवण यंत्र प्रदान किया। वे पिछले करीब 30 वर्षों से कम सुनाई देने की समस्या से परेशान थे। श्रवण यंत्र मिलने के बाद वे वर्षों बाद साफ आवाजें सुन सके। मुख्यमंत्री ने उनकी आंखों की जांच कराकर चश्मा उपलब्ध कराने के निर्देश भी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दिए। भाटापारा के श्री बलवंत सिंह यादव को भी श्रवण यंत्र प्रदान किया गया।
जनदर्शन में मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों के साथ-साथ खेल प्रतिभाओं का भी उत्साहवर्धन किया। नवा रायपुर की मार्शल आर्ट्स खिलाड़ी बहनों सना और सानिया ने अपनी उपलब्धियों और खेल यात्रा की जानकारी दी। दोनों बहनों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में पुरस्कार और पदक हासिल किए हैं, जिनमें गोल्डन कप, खेलो इंडिया गेम्स तथा दमन में आयोजित बीच गेम्स शामिल हैं। सना बी.कॉम और सानिया बी.सी.ए. की पढ़ाई कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी उपलब्धियों की सराहना करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया और सहयोग का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे सरकार के समक्ष रखने का अवसर देना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई की जाए, ताकि जरूरतमंदों को उपचार, शिक्षा और अन्य आवश्यक सहायता के लिए अनावश्यक भटकना न पड़े। बहरहाल, जनदर्शन में तत्काल सहायता और उपचार की व्यवस्था के निर्देशों से जरूरतमंद परिवारों को राहत और आगे बढ़ने का संबल मिला।
Leave a Reply