केदारनाथ धाम समेत कई जगहों पर भारी बर्फबारी, निचले इलाकों में मौसम खराब

केदारनाथ धाम समेत कई जगहों पर भारी बर्फबारी, निचले इलाकों में मौसम खराब

रुद्रप्रयाग। केदारनाथ धाम (Snowfall in Kedarnath) सहित अनेक स्थानों पर शनिवार को जोरदार बर्फबारी हुई। जबकि निचले इलाकों में मौसम खराब रहा। मौसम के बदलाव के चलते ठंड और भी ज्यादा बढ़ गई है। इधर लोग दिनभर धूप के लिए तरसते रहे।

केदारनाथ में शनिवार सुबह से हो रही बर्फबारी देर सांय तक जारी रही। केदारपुरी सहित आसपास की पहाड़ियों में बर्फ की सफेद चादर फैल गई है। बर्फबारी के चलते यहां पुनर्निर्माण कार्य भी नही हो सके। देर सांय तक हो रही बर्फबारी के कारण केदारनाथ में ढाई फीट से अधिक बर्फ जमा हो गई है। इधर मद्महेश्वर, तुंगनाथ, चन्द्रशिला और चोपता की पहाड़ियों में बर्फबारी हुई है। तेज हवाओं के साथ बर्फ गिरने से केदारघाटी के गांवों में भी ठंडक ज्यादा होने लगी है। मुख्यालय सहित सभी स्थानों पर आसमान में बादल छाए रहे जबकि लोग ठंड से ठिठुरते रहे। कई स्थानों पर लोगों ने अलाव का सहारा लिया जबकि लोग घरों में ही रहे। केदारनाथ में कैप्टन सोबन सिंह ने बताया कि शनिवार को केदारनाथ में ढाई फीट बर्फ जमा हो गई है।

शनिवार को बदले मौसम के मिजाज के बाद बदरीनाथ और औली में बर्फवारी का सिलसिला जारी है। औली में बर्फ का मजा लेने आने वाले पर्यटकों का तांता लगा हुआ है। औली में जीएमवीएन समेत निजि रिजार्ट हाउस फुल हो गए हैं तो वहीं औली जोशीमठ रोपवे भी फुल चल रही है।

शनिवार को गंगोत्री, यमुनोत्री सहित हर्षिल घाटी और दूसरी ऊंचाई वाली चोटियां बर्फ से ढक गई हैं। इसके चलते जिले में एक बार फिर शीतर लहर से ठंढ बढ़ गई है।

देवाल क्षेत्र में दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। शीतलहर चलने से तापमान में भारी गिरावट आई है। जिससे जबदस्त ठंड पढ़ रही है। ठंड से बचने के लिए लोग गर्म कपड़े एवं अलाव का प्रयोग कर रहे हैं। ग्राम प्रधान हरीश चंद्र, हेमा देवी ने कहा कि पिछले लम्बे समय से क्षेत्र में बारिश नहीं होने से खुशक ठंड पड़ रही है। सुबह दो से पांच सेमी पाला पड़ रहा है। सब्जियों पर पाले का विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। उच्चहिमालयी क्षेत्र रूपकुंड में दिन भर रुक रुक कर बर्फबारी हो रही है।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.