सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर ने नए साल का स्वागत शानदार आतिशबाज़ी के साथ किया। आइकॉनिक सिडनी हार्बर ब्रिज और सिडनी ओपेरा हाउस के ऊपर आधी रात को हुई भव्य आतिशबाज़ी ने पूरे आसमान को रोशनी से भर दिया। इस ऐतिहासिक पल को देखने के लिए हजारों की संख्या में लोग हार्बर के आसपास जुटे, जबकि दुनिया भर में इसका सीधा प्रसारण देखा गया। नए साल के मौके पर आयोजित इस वार्षिक समारोह में सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। बढ़ी हुई पुलिस मौजूदगी के बीच सिडनी ने 2026 की शुरुआत की।
आतिशबाज़ी के रंगीन नज़ारों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और उत्साह अपने चरम पर दिखाई दिया। इससे पहले स्थानीय समयानुसार रात 9 बजे फैमिली फायरवर्क्स का आयोजन किया गया था, जिसके बाद आधी रात को मुख्य आतिशबाज़ी शो हुआ। सिडनी हार्बर ब्रिज और ओपेरा हाउस के ऊपर रोशनी और रंगों का अद्भुत संगम देखने को मिला।
करीब पांच मिनट तक चली इस आतिशबाजी में 240 मीटर ऊंचे स्काई टॉवर के अलग-अलग हिस्सों से लगभग 3,500 पटाखे छोड़े गए। हालांकि, बारिश और संभावित आंधी-तूफान की चेतावनी के कारण न्यूज़ीलैंड के नॉर्थ आइलैंड में कई छोटे सामुदायिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए।
इस मौके पर केवल ऑस्ट्रेलिया ही नहीं, बल्कि वानुअतु, सोलोमन आइलैंड्स और पापुआ न्यू गिनी के स्वायत्त क्षेत्र बोगेनविल में भी नए साल का जश्न मनाया गया। पूरे प्रशांत क्षेत्र में उत्सव का माहौल देखने को मिला।
सिडनी का यह न्यू ईयर सेलिब्रेशन हर साल दुनिया के सबसे भव्य आयोजनों में गिना जाता है, जिसे देखने के लिए लाखों लोग टीवी, डिजिटल प्लेटफॉर्म और लाइव स्ट्रीम के ज़रिए जुड़े रहते हैं।
