खरीफ फसल हेतु सभी पात्र किसानों को मिलेंगे ऋण राशि
जांजगीर-चांपा। कलेक्टर श्री नीरज कुमार बनसोड़ की अध्यक्षता में जिला कलेक्टोरेट के सभाकक्ष में सप्ताहिक समय-सीमा की बैठक संपन्न हुई। बैठक में उन्होंने जिले में संचालित विकास और निर्माण कार्यो की प्रगति की विस्तारपूर्वक समीक्षा की और संबंधितों को आवश्यक निर्देश दियें। बैठक में उन्होंने कहा कि जिले में खरीफ फसल हेतु किसानों द्वारा खेती-किसानी का कार्य शुरू कर दिया गया है। खेती-किसानी के लिए जिले के सभी पात्र किसानों को उनके मांग के आधार पर ऋण राशि दी जाएगी। अब तक 184 किसानों को 6 करोड़ 37 लाख 7 हजार रूपये की ऋण राशि का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि भुईयां कार्यक्रम के कारण कुछ किसानों को ऋण राशि प्राप्त करने में कठिनाई आ रही है। ऐेसे किसानों को पटवारी और नायब तहसीलदार की उपस्थिति में ऋण राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिये हैं ताकि वे भूमि का नक्शा और खसरा की त्रुटि को स्थल पर ही निराकरण कर सकें। बैठक मे उन्होंने कहा कि किसानों को खाद-बीज के लिए किसी भी प्रकार की परेशानीं नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब तक 344 किसानों को रासायनिक खाद और 416 किसानों को उन्नत प्रजाति के धान बीज उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस है। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे, जहां पर्यावरण के संरक्षण और संवर्धन के लिए पौधे लगाये जाएंगे। इस अवसर पर जिले के सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को उपस्थित होने के निर्देश दिये हैं।
बैठक में कलेक्टर श्री बनसोड़ ने ग्र्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देेने वाली नरवा, गरूवा, घुरवा और बाड़ी योजनाओं के तहत किये जा रहे कार्यो की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि जिले में गौवंशी पशुधन में वृद्धि एवं उनके रख-रखाव के लिए 141 गौठान का निर्माण किया जा रहा है। इनमें 9 गौठानों को मॉडल गौठान के रूप में विकसित किया जा रहा है। गौठान में गौवंशी पशुधन के लिए चारागाह के विकास के साथ पानी का बेहतर प्रबंध किया जा रहा है। गौठान में पशुओं का नियमित जांच और टीकाकरण की जाएगी। उन्होंने घुरवा और बाड़ी का वैज्ञानिक तरीके से तैयार करने तथा जल संरक्षण और संवर्धन के लिए नरवा जीर्णोद्धार का कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि पशुओं के लिए चारे की व्यवस्था हेतु चारादान उत्सव बनाया जाएगा। इसके लिए उन्होंने सभी जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
00 ऋण राशि प्राप्त करने में भुईयां कार्यक्रम आड़े नहीं आयेगी