चाबी बनाने आए कारीगर ने ही लगा दी चपत

चाबी बनाने आए कारीगर ने ही लगा दी चपत

रायपुर। पंडरी के एक भाजपा नेता के घर दो लाख की चोरी हो गई। आलमारी की चाबी बनाने आया एक कारीगर और उसका साथी चाबी बनाने के बजाय वहां लॉकर में रखे सोने-चांदी के जेवर-सिक्के लेकर फरार हो गए। पुलिस मामला दर्ज कर पूछताछ में लगी है। आसपास सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। फिलहाल आरोपियों का पता नहीं चल पाया है।

पुलिस के मुताबिक अशोक विहार कालोनी पंडरी निवासी संजय जायसवाल 23 अप्रैल को चुनाव में व्यस्त था। वह बंसल स्कूल के पास स्टाल लगाकर मतदाता पर्ची बांटने में सहयोग कर रहा था। दोपहर करीब दो बजे एक कारीगर अपने एक साथी के साथ हाथ में आलमारी का हेंडल लेकर वहां से गुजर रहा था। जायसवाल के पूछने पर उसने आलमारी की चाबी-ताला ठीक करने की बात कही। इसके बाद उसे लेकर अपने घर पहुंच गया। वहां सरदार अपने साथी के साथ दो-तीन आलमारी की चाबी इधर-उधर कर ठीक करने का प्रयास करने लगा। आखिर में दो आलमारी में चाबी फंसाकर चला गया। जाते-जाते उसने कहा कि कल आकर ठीक करुंगा और अपना पैसा भी ले जाऊंगा, लेकिन दोनों नहीं आए।

भाजपा कार्यकर्ता ने कल एक अन्य वर्कर को बुलाया और उससे दोनों आलमारी की चाबी-ताला ठीक कराया। इसके बाद यह कारीगर भी चला गया। बीती शाम आलमारी खोलकर ताला-चाबी की जांच की, तो पता चला एक आलमारी का लॉकर टूटा हुआ है और उसमें रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब है। उसने अपने घर-आसपास के लोगों से चोरी की जानकारी ली, पर कहीं कुछ पता नहीं चला। उसने सिविल लाइन पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करायी।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.