15 लाख की ठगी व दैहिक शोषण का आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। कलेक्टोरेट में काम करने वाले एक युवक ने शहर की एक महिला से 15 लाख की ठगी कर तीन साल तक उसके साथ बलात्कार करता रहा। अंत में शादी न कर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने पर महिला ने इसकी शिकायत पुलिस में दर्ज करायी है। सिविल लाइन पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ में लगी है।
पुलिस के मुताबिक पुरानी बस्ती का जयप्रकाश झा यहां कलेक्टोरेट में चपरासी है और उसने तीन-चार साल पहले किसी बहाने शहर की एक महिला से 15 लाख रुपये लिया था, जिसे उसने वापस नहीं किया। इसके पहले महिला से तीन साल तक बलात्कार करते हुए उसे शादी का झांसा दिया, लेकिन शादी नहीं की। महिला ने जब 15 लाख वापस करने की बात कही, तो युवक उसके साथ गाली-गलौज पर उतर आया। यहां तक कि महिला को जान से मारने की धमकी भी देने लगा, जिससे घबराने के साथ वह लगातार परेशान रहीं।
पुलिस का कहना है कि बीती शाम-रात पीडि़त महिला अपने कुछ परिजनों के साथ थाने पहुंचीं। वहां उसने घटना की जानकारी देते हुए आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस फिलहाल बलात्कार का मामला दर्ज कर आरोपी युवक से पूछताछ कर रही है। उससे 15 लाख की ठगी की जानकारी भी ले रही है। इस संबंध में युवक ने पुलिस को बताया कि वह कलेक्टोरेट में काम करता है और उसने महिला से 15 लाख लेकर उसे किसी और को दे दिया है, जिसकी वापसी नहीं हुई है। पुलिस अब वहां तक पहुंच कर पूछताछ की तैयारी में है।