ऑनलाइन 50 लाख का क्रिकेट सट्टा, दो बंदी
रायपुर। शहर में एक बार फिर 50 लाख से अधिक का क्रिकेट सट्टा पकड़ा गया। ऑनलाइन यह सट्टा राठौर चौक रामसागरपारा के एक ट्रेवल्स शॉप में आईपीएल क्रिकेट मुम्बई इंडियन्स वर्सेस रॉयल चैलेंजर्स मैच के लिए खेला जा रहा था। पुलिस ने वहां छापामार दो लोगों को पकड़ा है। वहीं उनसे 50 लाख से अधिक की सट्टा-पट्टी, एक लाख से अधिक नगदी, दो कम्प्यूटर, 3 मोबाइल एवं मोबाइल एप समेत दर्जनों आईडी जब्त की है।
आईपीएल क्रिकेट मैच के चलते शहर में जुआ-सट्टा का कारोबार बढऩे लगा है। तीन दिन पहले रामसागरपारा के एक फ्लैट में 50 लाख का हाईटेक क्रिकेट सट्टा पकड़ा गया था और उसका कनेक्शन दिल्ली, मुंबई तक फैला हुआ था। इसी तरह का एक और क्रिकेट सट्टा बीती रात रामसागरपारा में पकड़ा गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस की टीम ने दलबल के साथ राठौर चौक के मेघा ट्रेवल्स शॉप में छापा मारा। इस दौरान वहां ऑनलाइन आईपीएल क्रिकेट सट्टा चल रहा था। पकड़े गए सटोरियों में महेन्द्र त्रेहन उर्फ हैप्पी (31)तेलघानी नाका रायपुर, सुधीर अग्रवाल (45)मेघा ट्रेवल्स राठौर चौक रायपुर शामिल हैं।
सिटी एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि पकड़े गए दोनों व्यक्ति हाईटेक तरीके से स्टार 7 एक्सचेंज मोबाइल एप से आईपीएल सट्टा चला रहे थे। मोबाइल एप को सुधीर गोंदिया के बुकी से कमीशन पर लाया था एवं अपने एजेंटो को 20 प्रतिशत कमीशन पर एप का आईडी एवं पासवर्ड दिया हुआ है। आरोपी सुधीर को 30 प्रतिशत एवं एप बनाने वाले को 50 प्रतिशत कमीशन मिलता था। मोबाइल एप में लाइव मैच देखते हुए सट्टा लगाने की सुविधा है। इसके अलावा उसमें ऑनलाइन जुआ, तीन पत्ती एवं पोकर खेलने की भी सुविधाएं हंै।
आरोपियों के कब्जे से 2 कम्प्यूटर सिस्टम, 3 मोबाइल फोन एवं नगदी एक लाख 8 सौ रूपये, 50 लाख से ऊपर की सट्टा-पट्टी एवं एप के दर्जनभर से अधिक आईडी एवं पासवर्ड जब्त कर आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े और भी लोगों की गिरफ्तारी की जाएगी। वहीं आईपीएल सट्टा का खिलाफ उनका अभियान लगातार जारी रहेगा।
