भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी करने वाले विकास की दुहाई न दें – कांग्रेस
रायपुर। पूर्व मंत्री बृजमोहन के आरोपों का जवाब देते हुये प्रदेश कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भ्रष्टाचार और कमीशनखोरी की नीयत से फर्जी और गैर जरूरी निर्माण कार्यो को बढ़ावा देने वाले कांग्रेस को विकास की परिभाषा न समझायें। भाजपा की विकास की परिभाषा और कांग्रेस की विकास की परिभाषा में बुनियादी फर्क है।
कांग्रेस के विकास की सोच जनोन्मुखी है, भाजपा के विकास के केन्द्र में कमीशनखोरी और भ्रष्टाचार है। प्रदेश भर में सैकड़ों करोड़ रू. खर्च कर बिना जरूरत और योजना के पर्यटन मंडल के जगह-जगह मोटल बनाकर जनता की गाढ़ी कमाई के पैसे खंडहरों में तब्दील करना भाजपा की विध्वंसक विकास का ही परिणाम है। झलकी में किसानों की जमीने कब्जा कर भव्य फार्म हाउस बनाना भाजपा की विकास के पैमाने में आता होगा। नई राजधानी में बिना बसाहट और नियोजन के हजारों करोड़ रू. खर्च करना भाजपा के विकास की प्राथमिकता में है। कांग्रेस के विकास की सोच और विकास की परिभाषा में प्रदेश के 2.50 करोड़ आबादी की आर्थिक और सामाजिक उन्नति है। यही कारण है कांग्रेस की भूपेश बघेल की सरकार ने ग्रामीण और कृषि आधारित विकास को प्राथमिकता दी है। कोण्डागांव में मक्का प्रसंस्करण उद्योग की स्थापना कांग्रेस के विकास की सोच है। नरवा, गरवा, घुरवा, बाड़ी योजना के माध्यम से पहले चरण में ही 2 लाख युवाओं को रोजगार देना कांग्रेस के विकास की प्राथमिकता है।
00 पूर्व मंत्री के आरोपों का कांग्रेस ने किया खारिज