IPL 2020 : क्रिस गेल IPL के 50वें मुकाबले में बनाया छक्कों का वो विश्व रिकॉर्ड, जिसे तोड़ पाना है लगभग नामुमकिन

खेल डेस्क। IPL 2020 के 50वें मैच में राजस्थान रॉयल्स(RR) के खिलाफ किंग्स इलेवन पंजाब(KXIP) के बल्लेबाज क्रिस गेल के बल्ले ने जमकर हल्ला बोला। गेल ने राजस्थान के खिलाफ जैसे ही अपनी पारी का 7वां छक्का जड़ा, तो उन्होंने एक अद्भुत विश्व रिकॉर्ड भी बना दिया। राजस्थान के खिलाफ क्रिस गेल ने एक के बाद एक सात छक्के जैसे ही पूरे किए तो वे दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए, जिन्होंने T20 क्रिकेट में 1000 छक्के जड़े हैं।

कैरेबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल ने T20 क्रिकेट में 1000 छक्के पूरे कर लिए हैं। इस मैच से पहले उन्होंने 409 T20 मैचों में 993 छक्के जड़े थे। क्रिस गेल का ये रिकॉर्ड इंटरनेशनल क्रिकेट के साथ-साथ T20 क्रिकेट के मैचों को मिलाकर भी है, जो उन्होंने दुनियाभर की लीग क्रिकेट में खेले हैं। क्रिस गेल के बाद जो दूसरे नंबर पर हैं, वो भी वेस्टइंडीज के ही बल्लेबाज हैं, लेकिन वो क्रिस गेल से 100 या 200 नहीं, बल्कि 300 से ज्यादा छक्के दूर हैं।

क्रिस गेल ने जहां 410 मैचों में 1000 छक्के जड़ दिए हैं, जबकि इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर किरोन पोलार्ड हैं जो 524 मैचों में 690 छक्के जड़ चुके हैं। तीसरे पायदान पर कीवी क्रिकेटर ब्रैडन मैकुलम हैं, जो 485 छक्के जड़ पाए हैं, लेकिन उन्होंने अब क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है। चौथे नंबर पर कंगारू दिग्गज शेन वॉटसन हैं, जो 467 छक्के जड़ चुके हैं।

इस मुकाबले में क्रिस गेल ने 63 गेंदों में 6 चौके और 8 छक्कों की मदद से 99 रन की पारी खेली। क्रिस गेल IPL में अपने 7वें शतक से चूक गए, लेकिन इस पारी के दौरान उनका स्ट्राइक रेट 157.14 का रहा, जिसकी बदौलत टीम को बड़ा स्कोर हासिल हुआ। आखिरी ओवर में क्रिस गेल शतक पूरा कर सकते थे, लेकिन जोफ्रा आर्चर ने उनको एक शानदार यॉर्कर गेंद पर क्लीन बोल्ड कर दिया।

संबंधित समाचार

Leave a Comment

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.