नई दिल्ली। देश में शुक्रवार को रंगों का त्योहार होली पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया तथा लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दीं। कई बड़े शहरों में सुबह के समय मेट्रो समेत सार्वजनिक परिवहन के साधन बंद रहे। मेट्रो सेवाएं दोपहर के बाद शुरू हुईं। होली और रमजान के महीने में दूसरा जुमा (शुक्रवार की नमाज) इस बार एक साथ पड़े हैं।
किसी भी अप्रिय घटना को होने से रोकने के लिए देश के अनेक राज्यों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई थी और पुलिस बल गश्त करते रहे। दिल्ली में एक अधिकारी ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए राजधानी में 25,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। उन्होंने कहा किपुलिस करीब 300 संवेदनशील इलाकों पर सीसीटीवी कैमरे और ड्रोन से कड़ी निगरानी कर रही है। होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उत्तर प्रदेश के संभल जिले में रंगों का त्योहार पारंपरिक उत्साह के साथ शांतिपूर्ण ढंग से मनाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि होली के अवसर पर संभल शहर में पारंपरिक ‘चौपाई का जुलूस’ भी निकाला गया। पिछले साल 24 नवंबर को शाही जामा मस्जिद के सर्वेक्षण के बाद भड़के दंगों के बाद से संभल में तनाव जैसी स्थिति है। मस्जिद में अपराह्न दो बजकर 30 मिनट पर जुमे की नमाज अदा की गई। मस्जिद के सदर जफर अली ने पहले दोनों समुदायों के सदस्यों से होली मनाने और सौहार्दपूर्ण माहौल में जुमे की नमाज अदा करने का आग्रह किया था।
होली और जुमे की नमाज एक ही दिन होने के कारण इस बार पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे, जिसके तहत शुक्रवार को संभल शहर में आरएएफ ने फ्लैग मार्च किया। संभल को ड्रोन निगरानी के लिए 29 सेक्टर में विभाजित किया गया था और होली तथा जुमे की नमाज को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए तीन स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं और कामना की कि हर्ष एवं उल्लास से भरा यह पावन-पर्व भारतवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी देशवासियों को होली की शुभकामनाएं दीं। विभिन्न दलों के नेताओं ने भी देशवासियों को रंगों के इस त्योहार की मुबाकरवाद दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया के किसी भी देश, किसी भी जाति, किसी भी धर्म में त्योहारों की इतनी समृद्ध परंपरा नहीं है जितनी सनातन धर्म में है और त्योहारों के माध्यम से भारत आगे बढ़ता है।
गोरखपुर में पारंपरिक नरसिंह शोभायात्रा को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘दुनिया के किसी भी देश, किसी भी जाति, किसी भी धर्म में त्योहारों की इतनी समृद्ध परंपरा नहीं है, जिनकी सनातन धर्म में है। सनातन धर्म में हमारी आस्था है और आस्था ही त्योहारों की आत्मा है। त्योहारों के माध्यम से भारत आगे बढ़ता है।’’ उन्होंने यह भी कहा, ‘‘होली का एक ही संदेश है कि एकता से देश अखंड रहेगा। ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना पूरी होगी।’’
मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सनातन धर्म का विरोध करने वालों ने प्रयागराज महाकुंभ के माध्यम से सनातन धर्म के साथ-साथ भारत का सामर्थ्य देखा है। 66 करोड़ से अधिक श्रद्धालु एक घाट पर जुटे और त्रिवेणी के महासंगम में महास्नान का आशीर्वाद प्राप्त किया। इसमें न तो जाति का भेदभाव है और न ही किसी क्षेत्र का।’’ बाद में ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आदित्यनाथ ने कहा, ‘‘रंग और उमंग के महापर्व होली के पावन अवसर पर आज गोरखपुर में भगवान नरसिंह जी की भव्य शोभायात्रा में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भगवान नरसिंह जी का अवतार धर्म की विजय, न्याय की स्थापना और सज्जनों के कल्याण का प्रतीक है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उनकी कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और आरोग्यता का वास हो, यही प्रार्थना है।’’