आज से बैंकों की हड़ताल, 20 करोड कर्मचारी होंगे शामिल
नई दिल्ली। सरकारी बैंक कर्मचारी संगठनों के एक धड़े ने एक बार फिर मंगलवार और बुधवार को हड़ताल का आह्वान किया है। सरकार की कथित श्रमिक विरोधी नीतियों के खिलाफ 10 केंद्रीय कर्मचारी संगठनों ने दो दिनों की देशव्यापी हड़ताल बुलायी है, जिसे बैंक कर्मचारी संगठनों का एक धड़ा समर्थन दे रहा है, इस हड़ताल में करीब 20 करोड़ कर्मचारी शामिल होंगे।
आईडीबीआई बैंक ने बीएसई को बताया कि ऑल इंडिया बैंक इंप्लॉईज एसोसिएशन (एआईबीईए) तथा बैंक इंप्लॉईज फेडरेशन ऑफ इंडिया (बीईएफआई) ने इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) को इस हड़ताल में उनके शामिल होने की सूचना दी है।
इलाहाबाद बैंक ने भी बीएसई को बताया कि मुद्दे और मांगें उद्योग जगत के स्तर की हैं और हड़ताल का आह्वान भी उद्योग के स्तर पर ही किया गया है। इसलिए अगर हड़ताल की जाती है, तो बैंक की गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। हालांकि बैंक दो दिनों की संभावित परिस्थितियों में सेवा सुचारू रूप से चलाते रहने की हर संभव तैयारियों में जुटा है।
बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) ने भी दो दिनों की आगामी हड़ताल की अवधि में उसकी कुछ शाखाओं में कामकाज पर असर पडऩे की आशंका जताई है।