अवैध दुकान, मकान तोड़फोड़ की कार्यवाही पर हंगामा
रायपुर। नगर निगम का तोड़फोड़ दस्ता शुक्रवार सुबह अग्रसेन चौक समता कालोनी के समीप नगर निगम कालोनी पहुंचा। इस दौरान वहां अवैध निर्माण तोड़ने के पहले हंगामा शुरू हो गया। मकान मालिक और उससे जुड़े लोग तोड़फोड़ कार्रवाई का विरोध करने लगे। ऐसे में निगम टीम निर्माणाधीन मकान को सील कर वापस लौट आई। निगम अफसरों का कहना है कि अवैध निर्माण पर कार्रवाई आगे तय की जाएगी।
मोहनदास मानिकपुरी व राजकुमार दम्मानी द्वारा नगर निगम कालोनी में साढ़े 42 सौ वर्गफीट का एक बड़ा भूखंड खरीदकर वहां मकान, दुकान निर्माण शुरू किया गया। उनका यह निर्माण पिछले कई महीने से जारी है। कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति करते हुए निगम में शिकायत की कि नक्शा के विपरीत वहां निर्माण जारी है, लेकिन निगम की ओर से कार्रवाई नहीं की जा रही है। निगम जोन 7 की टीम आज दलबल के साथ वहां पहुंची। इसके बाद तोड़फोड़ का प्रयास शुरू किया गया, तभी वहां मकान मालिक और उससे जुड़े लोग विरोध पर उतर आए।
मकान मालिक मोहनदास मानिकपुरी का कहना है कि निगम से उन्हें 27 मई को एक नोटिस मिला था, जिसका जवाब तय समय पर दे दिया गया था। आज अचानक उनकी टीम बुलडोजर लेकर पहुंची और तोड़फोड़ का प्रयास शुरू कर दिया गया। उनका कहना है कि उनका निर्माण 28 सौ वर्गफीट में चल रहा है, जहां मकान, दुकान दोनों बन रहे हैं। निगम की आपत्ति दुकान को लेकर है, जबकि उसके लिए राजीनामा पत्र दिया गया है। मौके पर कोर्ट का आदेश भी दिखाया गया, लेकिन निगम अफसर यह सब कुछ देखे बिना तोड़फोड़ पर उतर आए।
निगम अफसरों का कहना है कि उनकी टीम अवैध निर्माण की शिकायत पर पहुंची थी और विरोध के चलते वापस लौट आई है। तोड़फोड़ अब बाद में तय की जाएगी। इस दौरान दस्तावेजों का परीक्षण भी किया जाएगा। फिलहाल निर्माण कार्यों पर रोक लगाते हुए मकान, दुकान सील कर दिए गए हैं।