3 क्विंटल गांजे के साथ तीन गिरफ्तार
सरायपाली। महासमुंद जिले के सिंघोड़ा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक पिकअप से तीन क्विंटल गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत 15 लाख रुपए आंकी गई है। इसके साथ ही तीन आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गांजा रायपुर में खपाया जाना था।
मिली जानकारी के अनुसार एनएच 53 पर थाना के सामने बरगढ़ उड़ीसा की ओर से आ रही एक सफेद कलर की टाटा पिकअप (ओडी 17 पी 2160) की तलाशी ली गई तो खाली कैरेट के नीचे अलग-अलग 10 प्लास्टिक की बोरियों में 300 पैकेट में अवैध गांजा जब्त किया गया। गांजा को बलांगीर ओडीशा से रायपुर ले जाया जा रहा था।
गिरफ्तार आरोपियों में ड्राइवर करन लहरे (21 वर्ष), जयसिंह सतनामी (33 वर्ष), रामलाल वर्मा (29 वर्ष) शामिल है। आरोपियों के खिलाफ 20 ख नारकोटिक्स एक्ट का अपराध दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.