हाथियों के हमले में एक की मौत,दो घायल
जशपुर। जिले के नारायणपुर रेंज के बादलखोल अभ्यारण्य से लगे गांव रमसमा सिकटाटोली में घर में घुसकर हाथी ने परिवार पर हमला बोल दिया। इस हमले मे एक युवती की मौत हो गई।
गांव रमसमा सिकटाटोली में एक परिवार ने अपने घर के अंदर धान उबाल कर सुखाने डाला थ जिसकी महक पाकर रात में हाथी उसे खाने के लिए घर में घुस गया। हाथी को घर में घुसा देखकर मुनी बाई और उसकी दोनो बेटी भागने लगीं। हाथी ने परिवार के सदस्यों को भागता देख उन पर हमला बोल दिया। हमले में घायल मुन्नीबाई और उसी छोटी बेटी वहां से भागने में सफल हो गए। इसी दौरान जंगली हाथी ने मुन्नी बाई की बड़ी बेटी ललिता को चपेट में ले लिया।
गंभीर हालत में ललिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं हमले में घायल मां और छोटी बेटी का इलाज चल रहा है। एक सप्ताह के अन्दर दो लोगो की जान हाथियों ने ली है। हफ्ते में हाथी से मौत का यह दूसरा मामला है। ग्रामीणों ने बताया कि अभ्यारण्य का स्टाफ यहां ड्यूटी पर नहीं रहता। जिसके कारण हाथी की जानकारी भी नहीं मिलती है। आए दिन हाथी गांव में घुस जाते हैं एक सप्ताह के अन्दर दो लोगो की जान चली गई है।