दिव्यांग मतदान केंद्र में सुखनंदन ने डाला पहला वोट
बैकुंठपुर। निर्वाचन आयोग के निर्देशन में जिला कोरिया के मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित मतदान केंद्र में आज सुबह दिव्यांग श्री सुखनंदन सिंह ने उत्साह के साथ पहला वोट डाला। सुखनंदन ने बताया कि जब उसे यह पता चला कि इस केंद्र को दिव्यांग केंद्र के रूप में स्थापित किया गया है तो वो प्रात: 6 बजे मतदान केंद्र में पहुंच गए। यहां की तैयारियां और शासन द्वारा प्रदत्त सुविधाओं को देखकर श्री सुखनंदन बेहद प्रसन्न है। दिव्यांगजनो को प्रोत्साहित करने के लिए सुखनंदन ने निर्वाचन प्रक्रिया के बेहतरीन व्यवस्था हेतु जिला प्रशासन को अपनी तरफ से बधाई दी और लोकतंत्र के इस पर्व में सभी मतदाता बंधुओं से मतदान की अपील की। विशेष रूप से उल्लेखनीय है कि यह मतदान केंद्र क्रमांक 108 बैकुंठपुर-2, शासकीय रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बैकुंठपुर में स्थापित किया गया है।
